वातावरण में नमी कम और मौसम प्रणालियों के कमजोर होने से मध्य प्रदेश के मौसम में बदलाव आ गया है। बारिश, आंधी और ओलावृष्टि के बाद अब तापमान में इजाफा होने लगा है। रविवार (22 मार्च 2026) को कई जिलों में तापमान 32°C के पार दर्ज किया गया। नर्मदापुरम सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 37.7 °C दर्ज किया गया। रायसेन में 37.6 डिग्री व रतलाम में 37.2 डिग्री रहा। इधर, 26 मार्च को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिसके प्रभाव से पूर्वी एमपी में फिर बादल छा सकते हैं और कहीं-कहीं बूंदाबांदी और तेज हवा भी चलने की संभावना है।

26 मार्च को सक्रिय होगा नया सिस्टम, फिर बारिश-आंधी का दौर

मौसम विज्ञान केन्द्र, भोपाल की दैनिक रिपोर्ट के मुताबिक, वर्तमान में दो पश्चिमी विक्षोभ और एक चक्रवातीय परिसंचरण सक्रिय है। पूर्वी भारत के ऊपर माध्य समुद्र तल से 12.6 किमी की ऊँचाई पर लगभग 130 किमी/घंटा की गति से पछुआ जेट धारा बह रही है। एक नया कमजोर पश्चिमी विक्षोभ 26 मार्च से उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करने की संभावना है। इससे रीवा, सागर, शहडोल और जबलपुर संभाग के जिलों में बादल छाने के साथ फिर बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है। ग्वालियर और चंबल संभाग में मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है। इससे पहले 3-4 दिनों में अधिकतम तापमान में 3°C से 5°C तक की बढ़ोतरी हो सकती है।

अगले महीने से सूरज के तेवर होंगे सख्त

मौसम विभाग ने इस साल अप्रैल और मई में भीषण गर्मी पड़ने का अनुमान जताया है। अगले दो महीनों में ग्वालियर-चंबल, जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग के जिलों में पारा 45 °C पहुंचने की संभावना है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम संभाग में गर्मी हाल बेहाल कर सकती है। नीमच, मंदसौर, विदिशा, सागर, सीधी, सिंगरौली भी गर्म रहेंगे। बुंदेलखंड और पूर्वी मध्यप्रदेश (विंध्य क्षेत्र) में हीट वेव चलने की आशंका जताई गई है।

बड़े शहरों अधिकतम तापमान (रविवार का)

  • भोपाल में 33.0°C
  • इंदौर में 33.4°C
  • जबलपुर में 31.3°C
  • ग्वालियर में 31.8°C
  • उज्जैन में 34.0°C

बड़े शहरों का न्यूनतम तापमान (रविवार का)

  • भोपाल में 14.9°C
  • इंदौर में 17.3°C
  • जबलपुर में 14.5°C
  • ग्वालियर में 16.5°C
  • उज्जैन में 15.2°C

MP WEATHER FORECAST REPORT