मध्य प्रदेश में उच्च शिक्षा के मुद्दे पर बीजेपी-कांग्रेस आमने सामने, नरेंद्र सलूजा का जीतू पटवारी के सवालों पर पलटवार

बीजेपी नेता ने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष को घेरते हुए लिखा है कि आप भी कमलनाथ जी की सरकार में उच्च शिक्षा मंत्री रहे हैं। आप प्रदेश के ऐसे उच्च शिक्षा मंत्री रहे है, जिन्हें ख़ुद अंग्रेज़ी नहीं आती थी। बेहतर हो मुख्यमंत्री जी से सवाल पूछने की बजाय  आपने उच्च शिक्षा मंत्री रहते एक भी अच्छा, छात्र हित का या प्रदेश हित का काम किया हो तो वो ज़रूर बताएँ।
कांग्रेस bjp

MP News : मध्य प्रदेश में ‘उच्च शिक्षा’ के मुद्दे पर बीजेपी और कांग्रेस आमने-सामने है। एक तरफ़ जहां कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए उनसे सवाल किए हैं, वहीं इसके जवाब में बीजेपी नेता नरेंद्र सलूजा सामने आ गए हैं और उन्होंने कांग्रेस पर पलटवार किया है।

जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री से किए सवाल

बता दें कि जीतू पटवारी ने आज एक्स पर लिखा था कि ‘मुख्यमंत्री जी, आप शायद भूल रहे हैं, लेकिन जनता को याद है कि पिछली सरकार में आप उच्च शिक्षा मंत्री थे! यह आपकी प्राथमिक व बुनियादी जिम्मेदारी थी कि मध्यप्रदेश की हायर एजुकेशन न केवल बेहतर हो,  बल्कि परंपरागत समस्याओं से मुक्ति भी पा ले! दुर्भाग्य से ऐसा नहीं हो पाया! अब जबकि आप मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री हैं! पहले की तुलना में अब कहीं ज्यादा अधिकार संपन्न हैं! उम्मीद तो की ही जा सकती है कि उच्च शिक्षा आदर्श भले ही न बन पाए, कम से कम इतना तो जरूर हो कि यह संकट का पर्याय बनने से बच जाए! मैं केवल 10 सवालों के जरिए आपसे जानना चाहता हूं कि मध्य प्रदेश का हायर एजुकेशन मॉडल कब सुधरेगा?’ इसी के साथ उन्होंने सीएम से दस सवाल किए थे।

बीजेपी का पलटवार

अब बीजेपी प्रदेश प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने इस मामले पर पलटवार करते हुए कांग्रेस को घेरा है। उन्होंने एक्स पर लिखा है कि ‘जीतू पटवारी जी , आप भी कमलनाथ जी की सरकार में उच्च शिक्षा मंत्री रहे हैं। आप प्रदेश के ऐसे उच्च शिक्षा मंत्री रहे है , जिन्हें ख़ुद अंग्रेज़ी नहीं आती थी। प्रदेश का खूब मज़ाक़ बना था उस समय। सभी को 17 जुलाई 2019 का भोपाल का वो कार्यक्रम याद है , जिसमे निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग और केम्ब्रिज यूनिवर्सिटी के बीच एमओयू साइन होना था। जिसमे आप भाषण नहीं दे पाये थे। “आपने कहा था कि मैं आज नर्वस हूँ , आईएम नॉट कम्पलीट इन इंगलिश। कोई मुझे बताओ कि मि.विंट क्या बोल रहे है अंग्रेज़ी में”। बेहतर हो मुख्यमंत्री जी से सवाल पूछने की बजाय आप ख़ुद यह बताये कि आपने उच्च शिक्षा मंत्री रहते एक भी अच्छा , छात्र हित का या प्रदेश हित का काम किया हो तो वो ज़रूर बताये।’

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews