BJP नेता ने दी नई थ्योरी, कहा ‘राहुल गांधी से छुटकारा पाने कांग्रेस के अंदर ही रची गई साजिश’

BJP नेता ने दी नई थ्योरी, कहा ‘राहुल गांधी से छुटकारा पाने कांग्रेस के अंदर ही रची गई साजिश’

BJP leader Surendra Sharma on Rahul Gandhi : भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुरेन्द्र शर्मा ने राहुल गांधी प्रकरण को कांग्रेस की अंदरूनी कलह का परिणाम बताया है। उन्होने कहा कि कई वरिष्ठ कांग्रेसी नेता राहुल गांधी की हरकतों से परेशान हो गए हैं और चाहते हैं कि कांग्रेस को उनसे मुक्ति मिल जाए। कांग्रेस के अंदर कपिल सिब्बल, अभिषेक मनु सिंघवी जैसे अनेक धुरंधर वकील बैठे हैं यह वही वकील हैं जिन्होंने अनेक मामलों में आधी रात को भी सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। पवन खेड़ा के मामले में बिजली की गति के सक्रिय हुए कांग्रेस के वकील राहुल गांधी के मामले में चींटी की चाल क्यों चल रहे हैं। उन्होने कहा कि कांग्रेसी राहुल गांधी छुटकारा पाना चाहते हैं।

‘कई कांग्रेसी चाहते हैं राहुल गांधी से मुक्ति’

सुरेन्द्र शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के अंदर के कई लोग राहुल गांधी से मुक्ति पाना चाहते हैं। “मैया बीमार भैया बेकार, बहिना सम्हालो अब पतवार” यह होर्डिंग कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने ही तो प्रयागराज में लगाये थे। उन्होने कहा कि राहुल गांधी की ज़बान अनेक मौकों पर फिसली है और अनेक मामलों में वे कोर्ट में माफी मांगकर सजा से बचे है। लेकिन इस बार किसने उन्हें चने के झाड़ पर चढ़ाकर “वीर शहीद” बनने की सलाह देकर माफी नहीं मांगने के लिये उकसाया है? सुरेन्द्र शर्मा ने कहा कि निश्चित ही राहुल गांधी की बचकानी हरकतों से अनेक वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अंदरूनी तौर पर असहजता महसूस कर रहे थे। उन सबके मन में यही था कि बाल बुद्धि राहुल गांधी का कितने मौकों पर बचाव किया जाये?

बीजेपी नेता ने कहा कि राहुल गांधी के द्वारा लंदन में दिए देश विरोधी बयान के बाद वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं ने मजबूरी में उनका बचाव जरूर किया पर वे भी अंदरूनी तौर से आहत थे। उन्हें भी लगता था राहुल की इन हरकतों से कांग्रेस का नुकसान हो रहा है। ऐसे में कांग्रेस की सत्ता में वापसी तो दूर, उन वरिष्ठ नेताओं की राजनीति भी समाप्त होती दिख रही थी। उन सब वरिष्ठ नेताओं को लगता है कि राहुल गांधी के कारण ही विपक्षी गठजोड़ नहीं हो पा रहा है। अनेक बुजुर्ग कांग्रेस नेता अपनी वरिष्ठता के बावजूद गांधी परिवार के सामने मजबूरन दण्डवत हो रहे हैं।
सुरेन्द्र शर्मा ने कहा कि राहुल गांधी की ऊलजुलूल हरकतों से परेशान कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने अंदर ही खिचड़ी पकाकर राहुल गांधी को चने के झाड़ पर चढ़ाया गया उन्हे बुद्धि दी गई कि माफी नहीं मांगना। इससे उनका कद बहुत ऊंचा हो जाएगा। सलाहकार सारी परिस्थितियों से वाकिफ थे कि राहुल के माफी नहीं मांगने से उनकी लोकसभा सदस्यता तो जाएगी ही..आगे भी वे चुनाव लड़ने के लिए अयोग्य हो जाएंगे। बस फिर क्या..रास्ते के कांटे को हटाकर कागजी शहीद बना दिया गया। इसी के साथ उन्होने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस यह न भूलें कि राहुल गांधी ने केवल एक जाति का नहीं संपूर्ण पिछड़े वर्ग की जातियों का अपमान किया है। पिछड़े वर्ग की सभी जातियां अपने अपमान का बदला कांग्रेस से आगामी चुनाव में अवश्य लेंगी और कांग्रेस की जो नैया अब तक भंवर में डोल रही थी अगले चुनावों में पूरी तरह डूब जाएगी।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews