Hindi News

25 सितंबर को BJP का महासदस्यता अभियान, सीएम डॉ मोहन यादव सहित प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए 100-100 सदस्य बनाने का लक्ष्य, वीडी शर्मा ने कही बड़ी बात

Written by:Atul Saxena
Published:
Last Updated:
वीडी शर्मा ने कहा हम निर्धारित लक्ष्य 100 सदस्य के अतिरिक्त 100 और सदस्य बनायेंगे और यही पंडित दीनदयाल के लिए सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
25 सितंबर को BJP का महासदस्यता अभियान, सीएम डॉ मोहन यादव सहित प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए 100-100 सदस्य बनाने का लक्ष्य, वीडी शर्मा ने कही बड़ी बात

BJP membership campaign : भारतीय जनता पार्टी के सदस्यता अभियान का पहला चरण कल 25 सितंबर को उनके पितृ पुरुष पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर पूरा होगा, पार्टी इस दिन महा सदस्यता अभियान चलाएगी। मप्र भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने आज पार्टी कार्यालय में मीडिया से बात करते हुए कल के आयोजन के विषय में जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि ये भारतीय जनता पार्टी के एक एक कार्यकर्ता की मेहनत का परिणाम है और हमारे नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार की नीतियों का ही परिणाम है कि आज लोग विश्व की इस सबसे बड़े पार्टी से जुड़ रहे हैं, उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश भाजपा ने एक दिन में 10 लाख सदस्य बनाकर रिकॉर्ड बनाया है।

सीएम से लेकर प्रत्येक कार्यकर्ता को 100-100 सदस्य बनाने का लक्ष्य 

उन्होंने कहा कि कल का दिन हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है, कल बुधवार 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर प्रदेश के सभी 64871 बूथ पर भाजपा का कार्यकर्ता मौजूद रहेगा। वीडी शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री से लेकर पन्ना प्रमुख तक को कम से कम 100 -100 सदस्य बनाने का लक्ष्य दिया गया है।

युवाओं और महिलाओं की सदस्यता ने किया है प्रभावित 

उन्होंने कहा कि अभी तक 85 लाख लोगों ने मध्य प्रदेश भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है इसमें युवा और महिलाओं बड़ी संख्या में शामिल हुए है उन्होंने कहा कि एक दिन में 10 लाख सदस्य बनाने का रिकॉर्ड मप्र भाजपा ने बनाया है ये कार्यकर्ताओं की ही मेहनत है। खास बात ये है किकेंद्र की और मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार की कल्याणकारी  नीतियों का लाभ उठाने वाले हितग्राही भी भाजपा के सदस्य बन रहे हैं।

लक्ष्य के अतिरिक्त 100 सदस्य बनाकर देंगे पंडित दीनदयाल उपाध्याय को श्रद्धांजलि  

वीडी शर्मा ने कहा कि हम जिनके दिखाए मार्ग पर चल रहे हैं जिनके विचार ही हमारी पूंजी है कल उन्हीं पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती है और इस दिन भाजपा मध्य प्रदेश महासदस्यता अभियान चलाएगी, हम निर्धारित लक्ष्य 100 सदस्य के अतिरिक्त 100 और सदस्य बनायेंगे और यही पंडित दीनदयाल के लिए सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

कांग्रेस के आरोपों का दिया जवाब 

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार द्वारा भाजपा के सदस्यता अभियान पर आरोप लगाने के सवाल पर जवाब देते हुए वीडी शर्मा ने कहा कि कांग्रेस और उनके नेताओं  को झूठ बोलने के अलावा कुछ नहीं आता , अरे आप भी तो कुछ काम कीजिये किसने रोका है, आपके झूठ बोलने से भाजपा के सदस्यता अभियान पर कोई फर्क नहीं पड़ता, एक सवाल के जवाब में वीडी शर्मा ने कहा कि सदस्यता अभियान पूरा करने के बाद नए सदस्यों की समीक्षा की जाएगी और यदि कहीं कोई आपराधिक छवि वाला सदस्य जुड़ा होगा तो उसे अलग करेंगे माइनस करेंगे।

बुधवार को इन प्रमुख नेताओं की यहाँ रहेगी उपस्थिति 

  • भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने जानकारी दी कि कल वे हुजूर विधानसभा के गांधी नगर के बूथ क्रमांक 53 पर रहेंगे।
  • मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव नरेला विधानसभा के महामाई मंडल में बूथ क्रमांक 138,134 पर रहेंगे।
  • प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह उत्तर विधानसभा में गुरूनानक वार्ड में 46 बूथ पर रहेंगे।
  • प्रदेश सह प्रभारी सतीश उपाध्याय  दक्षिण पश्चिम विधानसभा के पंचशील नगर में बूथ क्रमांक 196 पर रहेंगे।
  • उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा मलाडगर विधानसभा में बूथ क्रमांक 51-52 पर रहेंगे।
  • उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला रीवा में बूथ क्रमांक 115 पर रहेंगे।
  • संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा गोविंदपुरा विधानसभा में बूथ क्रमांक 258 पर रहेंगे।

 

 

 

 

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !
Atul Saxena
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena
Follow Us :GoogleNews