बीजेपी विधायक नारायण त्रिपाठी ने नितिन गडकरी को लिखा पत्र, राम वनगमन पथ योजना को लेकर की ये मांग

बीजेपी विधायक नारायण त्रिपाठी ने नितिन गडकरी को लिखा पत्र, राम वनगमन पथ योजना को लेकर की ये मांग

Narayan Tripathi wrote a letter to Nitin Gadkari : बीजेपी विधायक नारायण त्रिपाठी ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखा है। इसमें उन्होने राम वनगमन पथ, चित्रकूट, मैहर एवं अमरकंटक की सड़क सुविधाओं के संबंध में लिखा है कि इस मार्ग के पास वाले स्थानों को भी कनेक्टिविटी दी जाए। उन्होने लिखा है कि केन्द्र सरकार की राम वनगमन पथ योजना जो भगवान राम की जन्मस्थली अयोध्या से उनकी तपोस्थली चित्रकूट तक प्रस्तावित है, उसे लेकर  चित्रकूट के साधुसंतो महात्माओं का आग्रह है कि इस मार्ग के समीप स्थित भगवान राम के स्मृति स्थलों, विभिन्न आश्रमों व ऐसे सभी स्थानों को कनेक्टिविटी दी जाए, जहां-जहां भगवान राम वनवास काल में गये हैं।

नारायण त्रिपाठी का पत्र

‘विनम्र निवेदन है कि आपके नेतृत्व में देश ने गत वर्षों में राष्ट्रीय राजमार्गों व सड़क निर्माण कार्यों में उल्लेखनीय प्रगति की है, आपके इन प्रयासों को देश हमेशा याद रखेगा, आपके अथक प्रयासों से तेज गति से जारी सड़क निर्माण कार्यों के लिये आपको हार्दिक बधाई।
भगवान श्रीराम को समर्पित राम वनगमन पथ, तपोभूमि चित्रकूट जहां राजा दशरथ के पुत्र राम मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम बने, विद्या की देवी मां शारदा की नगरी मैहर और पुण्य सलिला मां नर्मदा के उद्गमस्थल अमरकंटक के संबंध में निवेदन है कि केन्द्र सरकार की महत्वाकांक्षी राम वनगमन पथ योजना जो कि भगवान राम की जन्मस्थली अयोध्या से उनकी तपोस्थली चित्रकूट तक प्रस्तावित है को लेकर चित्रकूट के साधुसंतो महात्माओं का आग्रह है कि इस मार्ग के समीप में स्थित भगवान राम के स्मृति स्थलों, विभिन्न आश्रमों व ऐसे सभी स्थानों को कनेक्टिविटी दी जाये जहां-जहां भगवान राम वनवास काल में गये हैं। साथ ही मुख्य मार्ग पर भगवान राम से जुड़े इन स्थलों, विभिन्न आश्रमों व आस्था केन्द्रो को चिन्हित कर उनकी संपूर्ण जानकारी भी स्थाई साइन बोर्डो के माध्यम से दी जाये ताकि यात्री भगवान श्रीराम की तपोस्थलियों के बारे में जान सकें, समझ सकें।’
‘मध्यप्रदेश सरकार द्वारा प्रस्तावित राम वनगमन पथ जो कि भगवान राम की तपोस्थली चित्रकूट से मां शारदा की नगरी, आल्हा की तपोस्थली मैहर होते हुए मां नर्मदा के उद्गमस्थल अमरकंटक तक बनाया जाना है..को फोरलेन बनाने की आवश्यकता है, इस महत्वपूर्ण कार्य को भी आप अपने विभाग के अधीन लेकर इस मार्ग का निर्माण कराने की कृपा करें। इस मार्ग के निर्माण से जहां धार्मिक यात्रियों की आवाजाही आसान हो जायेगी वहीं दूसरी ओर क्षेत्र में पर्यटन सहित आर्थिक गतिविधियां भी बढ़ सकेंगी जिससे विन्ध्य के इस पिछड़े क्षेत्र का भी विकास संभव हो सकेगा अतः चित्रकूट से अमरकंटक मार्ग की इस महत्वपूण योजना पर विचार करने की कृपा करेंगे। उपरोक्त कार्यों को कृपापूर्वक स्वीकृति देने का कष्ट करें जिससे विन्ध्य के प्रमुख धार्मिक स्थलों का विकास हो सके व यहां के लोगों को विकास की मुख्यधारा से जुड़ने का अवसर मिल सके।’

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews