BJP विधायक रामेश्वर शर्मा का तंज, कांग्रेस का सृजन हो रहा है या नेताओं का विसर्जन, हमारी शुभकामनायें हैं

कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान की शुरुआत राहुल गांधी ने 3 जून को भोपाल से की है, उन्होंने यहाँ बैठकें लेकर गुजरात मॉडल का हवाला देते हुए संगठन में आमूलचूल परिवर्तन करने के निर्देश दिए हैं, राहुल गांधी ने रेस का घोडा, बारात का घोड़ा और लंगड़ा घोड़ा कहकर अपने ही नेताओं पर सवाल भी उठाये जिस पर भाजपा चुटकी ले रही है।
BJP MLA Rameshwar Sharma

मध्य प्रदेश में कांग्रेस का संगठन सृजन अभियान चल रहा है, कांग्रेस ने नेता जिला स्तर पर जाकर जमीनी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर रहे हैं और संगठन को मजबूत करने के लिए राहुल गांधी द्वारा बनाये गए नए फार्मूले की जानकारी दे रहे हैं, इस अभियान में पार्टी अंदरूनी स्तर पर भी आमूलचूल परिवर्तन करने वाली है लेकिन भाजपा ने इसे लेकर तंज कसा है।

भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान पर तंज कसते हुए कहा है कि कांग्रेस का सृजन हो रहा है या नेताओं का विसर्जन हो रहा है यह तो वही जानें हमको उससे क्या लेना देना ? उन्होंने कहा जैसी कांग्रेस चल रही है हम तो शुभकामनाएँ देंगे।

एक ही पेड़ है उसके नीचे बैठकर जो चाहे निर्णय ले लो

विधायक शर्मा ने कहा कि  बेचारे अच्छे खासे आराम कर रहे हैं, कितनी तेज धूप हो रही है ऐसी धूप में जाकर करेंगे क्या ? ढूंढेंगे किसको? आदमी बचा हो तो ढूढेंगे न, जब लोग ही नहीं बचे तो ढूंढेंगे क्या? एक ही पेड़ है उसके नीचे बैठकर जो चाहे निर्णय ले लो, आदमी हो तो आदमी ढूंढोगे, जब आदमी बचे ही नहीं तो ढूंढोगे क्या?

जो फूल छाप बन गए उनके बारे में कैसे निर्णय लेंगे?

पिछले दिनों राहुल गांधी द्वारा भोपाल में पार्टी के नेताओं को फूल छाप कांग्रेसी बताने के बयान का जिक्र करते हुए रामेश्वर शर्मा ने कहा कि जो बचे हैं उनको आपने शंका के दायरे में डाल दिया, उनको सबको फूल छाप बना दिया और जो फूल छाप बन गए उनके बारे में कैसे निर्णय लेंगे?

हर कांग्रेसी एक दूसरे पर शंका कर रहा है

भाजपा विधायक ने कहा कि अब तो ऐसी स्थिति है कि जो कांग्रेस का टिकट लेता है वह भी फूल छाप निकल जाता है, जो कांग्रेस का अध्यक्ष बनता है वह भी फूल छाप निकल जाता है। अब कुल मिलाकर भाजपा का ऐसा फोबिया सवार हो गया है कि हर कांग्रेसी एक दूसरे पर शंका कर रहा है कि ऐसा तो नहीं कि यह भाजपा का आदमी हो, यह मोदी का आदमी हो?

मुंह से जय श्री राम निकला वह बस कांग्रेस की शंका के दायरे में आया

रामेश्वर शर्मा ने कहा कि आज जिसके भी मुंह से जय श्री राम निकला वह बस कांग्रेस की शंका के दायरे में आया, इसलिए उनका सृजन और विसर्जन दोनों एक साथ चल रहा है। गौरतलब है कि संगठन सृजन अभियान के जरिये कांग्रेस अपने संगठन को मजबूत कर रही है, जिला अध्यक्षों को अधिकार सम्पन्न बना रही है जिससे वो स्थानीय स्तर पर पार्टी को ताकतवर बनायें और ये सब केंद्रीय पर्यवेक्षकों की निगरानी में हो रहा है।

[dgv_vimeo_video id=”1092045176″]

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews