Hindi News

सचिन यादव पर BJP का पलटवार, बोले डॉ. दुर्गेश केसवानी “कांग्रेस बहा रही मगरमच्छ के आंसू, किसानों से किया सिर्फ छल”

Written by:Ankita Chourdia
Published:
मध्य प्रदेश में किसान कर्ज माफी और कृषि नीतियों को लेकर सियासत गरमा गई है। पूर्व कृषि मंत्री सचिन यादव के आरोपों पर पलटवार करते हुए भाजपा प्रवक्ता डॉ. दुर्गेश केसवानी ने कांग्रेस को चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक भी ऐसा किसान बताए जिसका 2 लाख रुपये का कर्ज माफ हुआ हो।
सचिन यादव पर BJP का पलटवार, बोले डॉ. दुर्गेश केसवानी “कांग्रेस बहा रही मगरमच्छ के आंसू, किसानों से किया सिर्फ छल”

भोपाल। मध्य प्रदेश में किसानों के मुद्दों पर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। पूर्व कृषि मंत्री और कांग्रेस विधायक सचिन यादव द्वारा मोहन यादव सरकार को ‘किसान विरोधी’ बताए जाने पर भारतीय जनता पार्टी ने तीखा पलटवार किया है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. दुर्गेश केसवानी ने कांग्रेस के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि कांग्रेस नेता केवल झूठ और भ्रम की राजनीति कर रहे हैं।

डॉ. केसवानी ने सचिन यादव के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस नेता किसानों के नाम पर सिर्फ ‘मगरमच्छ के आंसू’ बहा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में किसानों के साथ केवल धोखा, छल और कपट किया है। जनता अब कांग्रेस की असलियत पहचान चुकी है, यही वजह है कि उन्हें बार-बार नकारा जा रहा है।

कर्ज माफी पर खुली चुनौती

भाजपा प्रवक्ता ने कर्ज माफी के मुद्दे पर कांग्रेस को सीधी चुनौती दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक भी ऐसा किसान सामने लाकर दिखाए, जिसका वास्तव में 2 लाख रुपये तक का कर्ज माफ किया गया हो। डॉ. केसवानी ने कहा कि कांग्रेस ने कर्ज माफी को सिर्फ एक चुनावी हथकंडे के रूप में इस्तेमाल किया था। सत्ता में आते ही वे अपने वादों से मुकर गए।

“अगर कांग्रेस ने सच में किसानों की कर्ज माफी की होती, तो आज वह विपक्ष की बेंच पर नहीं बैठी होती। कांग्रेस यह बात अच्छी तरह समझ ले कि झूठ और भ्रम फैलाने से राजनीति नहीं होती।” — डॉ. दुर्गेश केसवानी, प्रदेश प्रवक्ता, भाजपा

कृषि विकास दर पर तुलना की नसीहत

डॉ. केसवानी ने पूर्व कृषि मंत्री सचिन यादव को आंकड़ों पर गौर करने की नसीहत भी दी। उन्होंने कहा कि सचिन यादव अपने कार्यकाल की कृषि विकास दर और भाजपा सरकार के समय की विकास दर का खुद आंकलन कर लें। भाजपा सरकार के दौरान प्रदेश ने कृषि क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है, जिसका प्रमाण यह है कि मध्य प्रदेश को छह बार ‘कृषि कर्मण अवार्ड’ मिल चुका है।

सम्मान निधि और MSP पर सरकार का पक्ष

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि वर्तमान सरकार ‘किसान सम्मान निधि’ और एमएसपी (MSP) के जरिए किसानों के हितों को साध रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास मंत्र का अक्षरशः पालन कर रहे हैं।

केसवानी ने बताया कि राज्य सरकार का पूरा फोकस गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी शक्ति के सशक्तिकरण पर है। सरकार की नीतियां समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के उद्देश्य से लागू की जा रही हैं। उन्होंने दावा किया कि अन्नदाता पहले भी भाजपा के साथ था और आगे भी रहेगा, चाहे कांग्रेस कितना भी भ्रम फैलाने की कोशिश करे।

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !
Ankita Chourdia
लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews