होली को देखते हुए रेलवे ने अपने यात्रियों के लिए सुविधाओं का विस्तार तो किया है लेकिन इसी के साथ कुछ नियमों में भी बदलाव किया गया है। दरअसल दिल्ली और कोलकाता सहित अन्य प्रदेशों से जहां रेलवे के पार्सल से कपड़े और अन्य सामग्री का आदान-प्रदान चल रहा था वह अब नहीं हो पाएगा। होली को देखते हुए रेलवे ने यह सुविधा बंद कर दी है। अब यात्रियों को केवल अपना निजी सामान ले जाने की अनुमति होगी।
होली के भीड़ को देखते हुए नॉर्दर्न रेलवे के दिल्ली मंडी मंडल से पार्सल बुकिंग व्यवस्था अस्थाई रूप से बंद कर दी गई है। सेवा बंद होने की वजह से सामान की आवक कम हो गई है। वैसे चिंता करने की जरूरत नहीं है यह रोक केवल 3 मार्च यानी आज तक ही प्रभावी रहने वाली है।
पार्सल बुकिंग हुई बंद
रेलवे द्वारा नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म नंबर 6, 7, 8, 9, 14, 15 के साथ आनंद विहार टर्मिनल के प्लेटफॉर्म नंबर 2 और 3 से चलने वाली ट्रेनों में आउटवर्ड लीज्ड एसएलआर और रेलवे पार्सल बुकिंग पूरी तरह से बंद कर दी है।
इस नियम के तहत हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर भी प्लेटफॉर्म के दोनों तरफ से पार्सल बुकिंग और हैंडलिंग पर पूरी तरह से रोक लगी रहेगी। ये आदेश उन ट्रेनों पर भी प्रभावित होगा जो इन स्टेशनों पर लोडिंग और अनलोडिंग के लिए रुकती हैं।
रेलवे का क्या कहना
रेलवे ने अपने आदेश में स्पष्ट किया है कि यात्रियों को केवल अपना निजी सामान ले जाने की अनुमति दी जाएगी। वहीं पंजीकृत समाचार पत्र और पत्रिकाओं की बुकिंग सुरक्षा मानकों के पालन के बाद की जाएगी। रेलवे ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया है कि भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए इस आदेश का सख्ती से पालन किया जाए।






