मोदी सरकार के जातिगत जनगणना के फैसले को जीतू पटवारी ने बताया राहुल गांधी की जीत, कहा ‘लड़ाई जारी रहेगी’

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह संघर्ष अभी खत्म नहीं हुआ है। जब तक देश के हर नागरिक को उसका हक नहीं मिल जाता, तब तक यह लड़ाई जारी रहेगी। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से एकजुट होने का आह्वान किया और कहा कि राहुल गांधी का विज़न भारत को 'हैप्पीनेस इंडेक्स' में शीर्ष स्थान पर पहुंचाने, भ्रष्टाचार मिटाने और लोगों को उनके अधिकारों के लिए खड़े होने का साहस देने वाला है।
Jitu Patwari

Jitu Patwari

Jitu Patwari on Caste Census : मोदी सरकार ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए जातिगत जनगणना कराने का फैसला किया है। इस निर्णय के बाद, प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इसे कांग्रेस और विशेष रूप से राहुल गांधी की जीत बताया है।​ उन्होंने कहा राहुल गांधी ने हमेशा संकट के समय निडरता से अपनी बात कही देशहित की बात की है। इसी के साथ उन्होंने कहा कि ये लड़ाई तब तक जारी रहेगी, जब तक लोगों को उनका हक नहीं मिल जाता।​

जीतू पटवारी ने कहा आखिरकार केंद्र सरकार को कांग्रेस के विज़न के सामने झुकना पड़ा और राहुल गांधी की बात माननी पड़ी। उन्होंने कहा कि जब जातिगत जनगणना होगी तो देश के खजाने के द्वार एससी-एसटी-ओबीसी के गरीब और अपर कास्ट के भी गरीबों के लिए कैसे खुलें, इसकी लड़ाई लड़ना है।

मोदी सरकार ने लिया जातिगत जनगणना का फैसला

मोदी सरकार ने 30 अप्रैल को एक ऐतिहासिक फैसला लेते हुए आगामी जनगणना में जातिगत गणना को शामिल करने की घोषणा की है। यह निर्णय राजनीतिक मामलों की कैबिनेट समिति (CCPA) की बैठक में लिया गय जिसकी अध्यक्षता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि जातिगत गणना को पारदर्शी तरीके से मूल जनगणना के साथ ही कराया जाएगा। बता दें कि राहुल गांधी लंबे समय से जातिगत जनगणना की मांग करते आए हैं और ये  मुद्दा लंबे समय से राजनीतिक बहस का विषय रहा है।

जीतू पटवारी ने कहा ‘राहुल गांधी की जीत’

कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इस निर्णय को राहुल गांधी की जीत बताया है। उन्होंने कहा कि ‘जब भी देश पर संकट आया है, तब-तब राहुल गांधी जी ने निडरता से देश को बताया है कि देश के लिए क्या जरूरी है। नोटबंदी, कोरोना के समय जब पूरी मीडिया नरेंद्र मोदी की प्रशंसा कर रही थी तब भी राहुल गांधी जी ने कहा था कि यह देश के लिए सही नहीं है। इसी तरह जब भी राहुल गांधी जी ‘जातिगत जनगणना’ की बात करते थे, तब बीजेपी के मंत्री उनकी निंदा करते थे। लेकिन राहुल गांधी  ‘जातिगत जनगणना’ की मांग को लेकर डटे रहे और आखिरकार नरेंद्र मोदी को झुकना पड़ा। हालांकि, यह लड़ाई यही नहीं रुकती है। ये लड़ाई तब तक जारी रहेगी, जब तक लोगों को उनका हक ना मिल जाता।’ उन्होंने सभी कांग्रेसियों से एकजुट होने का आह्वान किया और कहा कि राहुल गांधी जी ने जो विज़न दिया वो देश को हैप्पीनेस इंडेक्स में दुनिया में नंबर एक बनाएगा। भ्रष्टाचार दूर करेगा। सबको उनके अधिकारों की लड़ाई लड़ने का साहस देगा। जीतू पटवारी ने सभी से सबको मिलकर राहुल गांधी जी के हाथ मज़बूत करने की अपील की है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews