2 मार्च से होनी थी हड़ताल, सीएम डॉ मोहन यादव के आश्वासन के बाद बदला फैसला, चलेंगी बसें

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश के हर ग्रामीण अंचल तक यात्रियों को सुगम आवागमन की सुविधा मिले, इसके लिए हम हर जरूरी कदम उठा रहे हैं।
CM Dr Mohan Yadav Bus Operators Meeting

CM Dr Mohan Yadav Bus Operators Meeting

मध्य प्रदेश में 2 मार्च से होने वाली बस ऑपरेटरों की हड़ताल टाल दी गई है। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव से चर्चा के बाद बस ऑपरेटर एसोसिएशन ने हड़ताल वापस लेने का निर्णय लिया। सीएम ने चर्चा के दौरान कहा कि सरकार सबके हितों की रक्षा करेगी, इसके बाद उन्होंने विवादित दो नोटिफिकेशन फिलहाल होल्ड करने के निर्देश दिए। संशोधन के बाद ही इन्हें लागू किया जाएगा।

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने शनिवार को मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन में मध्यप्रदेश बस ऑनर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधियों (बस ट्रांसपोटर्स) से चर्चा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि बस ऑपरेटर्स की सभी शंकाओं/कठिनाई का मिल-बैठकर हल निकाला जाएगा। उन्होंने कहा कि एसोसियेशन के पदाधिकारी, परिवहन मंत्री से मिलकर अपनी सभी शंकाओं/कठिनाईयों/समस्याओं का समाधान कराएंगे। इसके लिए वे परिवहन मंत्री को भी निर्देशित कर रहे हैं। दोनों पक्षों की चर्चा और समाधान के बाद ही आगे की कार्यवाही की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शासन द्वारा जारी की गई एक सूचना एवं एक अधिसूचना को होल्ड करने के निर्देश दिए।

सबके हितों की रक्षा हो, यही हमारा ध्येय है: सीएम 

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश के हर ग्रामीण अंचल तक यात्रियों को सुगम आवागमन की सुविधा मिले, इसके लिए हम हर जरूरी कदम उठा रहे हैं। इस लक्ष्य के लिए हम कटिबद्ध हैं। सबके हितों की रक्षा हो और लोक परिवहन सेवा भी निर्बाध रूप से चलती रहे, यही हमारा ध्येय है। उन्होंने कहा कि हम यात्रियों को विशेषकर ग्रामीण अंचल के लोगों को सुगम परिवहन की सेवा देना चाहते हैं, पर इस उद्देश्य की पूर्ति में किसी का नुकसान भी नहीं होने दिया जाएगा।

दो प्रस्तावों के होल्ड होने के बाद हड़ताल वापस लेने का फैसला  

मुख्यमंत्री डॉ. यादव से सकारात्मक बातचीत, अपनी मांगों के संबंध में विस्तृत चर्चा एवं उपर्युक्त सूचना/अधिसूचना (पहला नोटिफिकेशन बसों पर टैक्स वृद्धि से जुड़ा था, दूसरा प्रस्ताव बस परमिट व्यवस्था में बदलाव का था) को होल्ड करने का आश्वासन मिलने के बाद मध्यप्रदेश बस ऑनर्स एसोसिएशन (बस ट्रांसपोटर्स) के पदाधिकारियों ने 2 मार्च 2026 से प्रारंभ होने वाली बस हड़ताल वापस ले लेने की घोषणा की है। एसोसिएशन ने विषय का संतोषजनक समाधान निकालने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. यादव का हृदय से आभार भी जताया।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews