Hindi News

टेररिज्म जैसे खतरों से निपटने के लिए भोपाल में बनेगा अत्याधुनिक केंद्र, NSG के कार्यक्रम में सीएम डॉ मोहन यादव की घोषणा

Written by:Atul Saxena
Published:
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा जल, थल और नभ, हर स्तर पर चुनौतियों का सामना करने के लिए सशस्त्र बलों को तैयार किया जा रहा है। प्रदेश सरकार भोपाल के तूमड़ा में सभी आवश्यक सुविधाओं से युक्त अत्याधुनिक प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करेगी
टेररिज्म जैसे खतरों से निपटने के लिए भोपाल में बनेगा अत्याधुनिक केंद्र, NSG के कार्यक्रम में सीएम डॉ मोहन यादव की घोषणा

NSG Commando Program Bhopal CM Dr. Mohan Yadav

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज भोपाल के लाल परेड मैदान पर आयोजित NSG द्वारा आयोजित मध्यप्रदेश पुलिस के जवानों के ‘समग्र क्षमता निर्माण प्रशिक्षण एवं प्रदर्शन कार्यक्रम’ का शुभारंभ किया। यह प्रशिक्षण 4 मई 2026 तक चलेगा । इस अवसर पर मुख्यमंत्री का पुलिस बैंड द्वारा अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम के दौरान जवानों ने आतंकी हमले की मॉक ड्रिल कर  ऐसे हमलों से प्रभावी ढंग से निपटने हेतु NSG की कार्यप्रणाली का प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि टेररिज्म जैसे खतरों से निपटने के लिए भोपाल के तूमड़ा में जल्दी ही एक अत्याधुनिक केंद्र स्थापित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए NSG कमांडो के साहस और योगदान की सराहना की , उन्होंने कहासशस्त्र बलों ने भारत का मान-सम्मान बढ़ाते हुए दुनिया में विशिष्ट पहचान बनाई है। NSG कमांडो हर चुनौतीपूर्ण समय में देश के सुरक्षा कवच बनकर पूर्ण साहस, समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ अपना कर्तव्य निभाते हैं। जब भी देश में किसी संकट से पाला पड़ता है तब NSG कमांडो खड़ा मिलता है।

जो जिस तरह का है उसे उस तरह की भाषा में जवाब देने का समय 

संयुक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा ये केवल एक कर्मकांड नहीं है ये संकल्प से सिद्धि का अभियान है, उन्होंने कहा मध्य प्रदेश को शांति का टापू कहा जाता है और हम तो सर्वजन हिताय सर्जन सुखाय की बात करने वाले लोग हैं, सर्वे भवंतु सुखिनः सर्वे संतु निरामयः , हमारे तो वेदों में यही बात कहीं गई है लेकिन जैसे को तैसा हमें सिखाया गया है जो जिस तरह का है उसे उस तरह की भाषा में जवाब देने की तैयारी होनी चाहिए इसलिए आज अपराध, आतंकवाद, नक्सलवाद इनका अब इस धरती पर कोई महत्व नहीं है इनसे लड़ने के लिए सुरक्षा बलों को प्रशिक्षण की आवश्यकता है और मध्य प्रदेश सरकार इस दिशा मेंआगे बढ़ रही है।

आज मध्यप्रदेश की भूमि ‘नक्सल मुक्त’ हो चुकी है  

डॉ मोहन यादव ने कहा अब सशस्त्र बलों को उन्नत प्रशिक्षण देकर अपराध व आतंकवाद जैसी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा रहा है, उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में हमने बड़ी उपलब्धि हासिल की है तीन दशक से ज्यादा समय से जिस नक्सलवाद में मध्यप्रदेश को परेशान कर रखा है उसका अब खात्मा हुआ है, हमारे सशस्त्र बलों ने आतंकवाद को जड़ से खत्म करने का संकल्प लिया है और जल्दी ही इसका भी खात्मा होगा।

भोपाल में बनेगा 200 करोड़ की लागत का अत्याधुनिक केंद्र 

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा अब आतंकवाद पर प्रहार का समय है, इसलिए काउंटर टेरेरिज्म ग्रुप (CTG) बन रहा है और इसे बनाने के लिए  मध्य प्रदेश सरकार ने करीब 200 करोड़ की डीपीआर बनाई है जिसपर जल्दी ही काम शुरू होगा उन्होंने घोषणा की कि भविष्य में होने वाले टेररिज्म जैसे खतरों से निपटने के लिए भोपाल के तूमड़ा में एक अत्याधुनिक केंद्र स्थापित किया जाएगा। इस सेंटर के जरिए हम अपने सुरक्षा बलों को किसी भी प्रकार की आकस्मिक आपदा के लिए पूरी क्षमता से तैयार करेंगे।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena
Follow Us :GoogleNews