सीएम डॉ मोहन यादव ने किया PWD के लोकपथ 2.0 एप का लोकार्पण किया, विभाग की प्रगति और नवाचारों की तारीफ की

मुख्यमंत्री ने कहा मुझे इस बात की प्रसन्नता है कि लोक निर्माण विभाग द्वारा आधुनिक तकनीकों के माध्यम से परियोजनाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा रही है।
CM Mohan Yadav PWD program

CM Mohan Yadav PWD program

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज शनिवार को रवीन्द्र भवन, भोपाल में आयोजित लोक निर्माण विभाग के राज्य स्तरीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ”कैपेसिटी बिल्डिंग फ्रेमवर्क” 2026 दस्तावेज़ का विमोचन किया साथ ही एडवांस फीचर्स के साथ तैयार हुए लोकपथ 2.0 एप का लोकार्पण किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा मुझे इस बात की प्रसन्नता है कि लोक निर्माण विभाग द्वारा आधुनिक तकनीकों के माध्यम से परियोजनाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा रही है। समय का सदुपयोग, नई तकनीक का प्रभावी उपयोग और उच्च गुणवत्ता वाले कार्य लोक निर्माण विभाग की कार्यसंस्कृति की पहचान बनते जा रहे हैं, उन्होंने कहा मैं लोकपथ 1 का भी साक्षी था और अब लोकपथ-2 का भी साक्षी बन रहा हूँ, मैं आप सभी को इसके लिए बधाई देता हूँ।

लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने बताया कि कार्यक्रम में प्रदेशभर से 1500 से अधिक अभियंता शामिल हो रहे हैं। कार्यक्रम में लोक निर्माण विभाग द्वारा तैयार किए गए कैपेसिटी बिल्डिंग फ्रेमवर्क दस्तावेज का विमोचन किया गया, जो अभियंताओं के निरंतर प्रशिक्षण, कौशल उन्नयन और आधुनिक परियोजना प्रबंधन के लिए मार्गदर्शक सिद्ध होगा।

लोकपथ 2.0  में ये सुविधाएँ  

PWD मंत्री ने बताया कि लोकपथ मोबाइल एप 2.0 का उन्नत संस्करण सड़क रखरखाव की निगरानी, नागरिक शिकायतों के त्वरित निवारण, रूट प्लानिंग, ब्लैक स्पॉट अलर्ट, आपातकालीन SOS सुविधा तथा सड़क किनारे उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी जैसी सेवाओं के माध्यम से नागरिकों को एक समग्र, उपयोगकर्ता-अनुकूल और आधुनिक डिजिटल प्लेटफॉर्म प्रदान करेगा।

2 वर्षों में किए गए नवाचारों पर आधारित पुस्तिका का विमोचन

कार्यक्रम के दौरान विभाग द्वारा विगत 2 वर्षों में किए गए नवाचारों और सुधारात्मक प्रयासों पर आधारित पुस्तिका का विमोचन भी किया गया। इसमें डिजिटल समाधान, गुणवत्ता नियंत्रण, पर्यावरण संरक्षण, नई निर्माण तकनीकों और आधुनिक प्रबंधन प्रणालियों की झलक प्रस्तुत की गई है।

अभियंताओं को HAM पर विशेष प्रशिक्षण

कार्यक्रम के द्वितीय सत्र में लोक निर्माण विभाग के अभियंताओं को हाइब्रिड एन्युटी मॉडल (HAM) पर विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिससे वे बड़े सड़क एवं बायपास प्रोजेक्ट्स के तकनीकी, वित्तीय और गुणवत्ता संबंधी पहलुओं की प्रभावी निगरानी कर सकें।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews