मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज भोपाल के भीम नगर क्षेत्र में आयोजित “विकसित भारत संकल्प अभियान” के तहत आम नागरिकों से सीधा संवाद किया। विशेष बात यह रही कि उन्होंने क्षेत्र की संकरी गलियों तक पहुंचने के लिए पारंपरिक काफिले की बजाय इलेक्ट्रिक वाहन का उपयोग किया और स्थानीय लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याएं व सुझाव सुने।
जनसंपर्क अभियान के दौरान मुख्यमंत्री ने मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा 12वीं की टॉपर चांदनी विश्वकर्मा के घर पहुंचकर उन्हें बधाई दी। उन्होंने चांदनी और उनके परिवार से आत्मीय बातचीत की तथा इस उपलब्धि को प्रदेश के लिए गर्व का विषय बताया। परिवार के साथ मुख्यमंत्री ने यादगार सेल्फी भी ली।
चांदनी विश्वकर्मा को दी बधाई
सीएम मोहन यादव ने कहा कि सीमित संसाधनों और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद चांदनी विश्वकर्मा ने जिस समर्पण और मेहनत के साथ परीक्षा में सफलता हासिल की है..वह प्रदेश के लाखों विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है। उन्होंने छात्रा के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगे की पढ़ाई के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने चांदनी के साथ सेल्फी भी ली।
मुख्यमंत्री ने स्थानीय निवासियों से किया संवाद
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर चलाए जा रहे संपर्क अभियान के तहत जनता के बीच पहुंचकर सरकार की उपलब्धियों और विकास योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहन का अधिक से अधिक इस्तेमाल किया जाना चाहिए क्योंकि ये पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ ईंधन और रखरखाव पर होने वाले खर्च को भी कम करने के लिए प्रभावी माध्यम हैं।
मुख्यमंत्री के अचानक मोहल्ले में पहुंचने से क्षेत्र के लोग खासे उत्साहित नजर आए। बच्चों और महिलाओं ने अपने इलाके में मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस दौरान सीएम ने स्थानीय परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और विकास कार्यों को लेकर भरोसा दिलाया कि सरकार सदैव उनके साथ है और क्षेत्र के विकास के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।






