
भोपाल में आज राज्य स्तरीय स्वच्छता समग्र समारोह एवं कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। वे यहां स्वच्छता अभियान के तहत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले नगरीय निकायों को सम्मानित करेंगे।
समारोह में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी, विभागीय प्रमुख सचिव और विभिन्न नगर निकायों के महापौर व आयुक्त भी मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में स्वच्छता सर्वेक्षण के डिजिटल पोस्टर का विमोचन और स्वच्छता विषयक लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया जाएगा।
राज्य स्तरीय स्वच्छता समग्र समारोह
राज्य स्तरीय स्वच्छता समग्र समारोह में सीएम मोहन यादव इस साल के स्वच्छता सर्वेक्षण के आधार पर चयनित नगरीय निकायों को सम्मानित करेंगे। इनमें इंदौर, भोपाल, उज्जैन, ग्वालियर, सागर और छिंदवाड़ा जैसे शहरों के प्रतिनिधि शामिल हैं जिन्होंने कचरा प्रबंधन, लीगेसी वेस्ट की सफाई, सौंदर्यीकरण और जनभागीदारी में उल्लेखनीय योगदान दिया है। मुख्यमंत्री अमृत योजना के अंतर्गत 5,364 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन भी करेंगे।
यह आयोजन उन नगर निकायों को प्रोत्साहित करने का प्रयास है जिन्होंने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल की हैं। राज्य सरकार का उद्देश्य इस पहल के माध्यम से “स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ मध्यप्रदेश” की दिशा में जनभागीदारी को और मजबूत करना है।
स्वच्छता विषय पर कई सत्र आयोजित
समारोह में कई समानांतर सत्र भी आयोजित किए जा रहे हैं जिनमें प्रमुख रूप से नर्मदा बेसिन, धार्मिक और पर्यटन महत्व के शहरों में स्वच्छता और कचरा प्रबंधन की चुनौतियां विषय शामिल हैं। इन सत्रों में शहरों की कार्ययोजनाओं पर चर्चा होगी। भोपाल महापौर मालती राय शहरों की सफाई और सौंदर्यीकरण पर अपने विचार साझा करेंगी जबकि उज्जैन आयुक्त अभिलाष मिश्रा छोटे शहरों के विकास की संभावनाओं पर प्रकाश डालेंगे। एक अन्य सत्र में ‘लीगेसी अपशिष्ट की वर्तमान स्थिति एवं चुनौतियां’ विषय पर इंदौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव, ग्वालियर महापौर शोभा सिकरवार और अन्य विशेषज्ञ विचार व्यक्त करेंगे।
हरित और विकसित शहरों का प्रदेश, मध्यप्रदेश
मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में राज्य स्तरीय स्वच्छता सम्मान समारोह सह कार्यशाला
🌼नगरीय निकायों को ₹7000 करोड़ की परियोजनाओं की मिलेगी सौगात @DrMohanYadav51 @mpurbandeptt #CMMadhyaPradesh #MadhyaPradesh pic.twitter.com/fxWbBvNxPE
— Chief Minister, MP (@CMMadhyaPradesh) October 14, 2025
पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

