सीएम डॉ. मोहन यादव ने किया यूनियन कार्बाइड परिसर का निरीक्षण, कांग्रेस पर ‘जहर घोलने’ का आरोप, फूल सिंह बरैया के बयान की निंदा

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले साल उनकी सरकार ने कोर्ट के निर्देशों के तहत परिसर से जहरीले कचरे का सुरक्षित निस्तारण कराया और अब जमीन के भविष्य उपयोग पर निर्णय लिया जाएगा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस ने त्रासदी के समय न सिर्फ पीड़ितों को नजरअंदाज किया, बल्कि यूनियन कार्बाइड के तत्कालीन प्रमुख को बचाने में भी भूमिका निभाई।
Union Carbide Site Inspection

CM Mohan Yadav

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को यूनियन कार्बाइड फैक्ट्री परिसर का निरीक्षण किया और यहां की जमीन के उपयोग, गैस त्रासदी के पीड़ितों के पुनर्वास तथा स्वास्थ्य संबंधित विषयों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि यह मध्यप्रदेश के इतिहास की सबसे भीषण त्रासदी थी, जो कांग्रेस शासनकाल में हुई थी। सीएम ने कहा कि उनकी सरकार ने पिछले साल यहां के जहरीले कचरे को हटाया है और अब इस जमीन के उपयोग के बारे में मिलकर निर्णय लिया जाएगा।

उन्होंने कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया के बयान की निंदा भी की। सीएम ने कहा कि आज राहुल गांधी मध्यप्रदेश में हैं और उन्हें इस आपत्तिजनक बयान पर संज्ञान लेकर कार्रवाई करनी चाहिए। कांग्रेस नेता के उस बयान को लेकर बीजेपी उनपर हमलावर है जिसमें वो महिलाओं से बलात्कार और एससी-एसटी-ओबीसी समुदायों को जोड़ते हुए विवादास्पद टिप्पणी करते नज़र आ रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने यूनियन कार्बाइड परिसर का निरीक्षण किया

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल स्थित यूनियन कार्बाइड परिसर का दौरा किया। उन्होंने अधिकारियों के साथ परिसर में भूमि के उपयोग, गैस पीड़ितों के पुनर्वास और स्वास्थ्य संबन्धी मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। इसके बाद पत्रकारों से बात करते हुए सीएम ने कहा कि यह स्थान मध्यप्रदेश के इतिहास की “एक भीषण त्रासदी” का गवाह है जो कांग्रेस के शासनकाल में हुई थी। उन्होंने कहा “यहां मौत का तांडव यहां हुआ था और आश्चर्य है कि कांग्रेस के ही शासनकाल में कई सालों तक जहरीला कचरा यहां पड़ा रहा।” मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले साल हमारी सरकार ने यहां के जहरीले कचरे को हटाकर उसका सुरक्षित तरीके से निस्तारण किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने उस त्रासदी में न सिर्फ लोगों को मरने के लिए छोड़ा बल्कि यूनियन कार्बाइड के अध्यक्ष एंडरसन को भगाने में भी मदद की। उन्होंने का कि इसके लिए राहुल गांधी को माफी मांगनी चाहिए।

फूल सिंह बरैया के बयान की निंदा की

सीएम ने कांग्रेस नेता फूल सिंह बरैया के हालिया बयान की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि ऐसे बयान समाज में “जहर घोलने” का काम करते हैं। उन्होंने राहुल गांधी और कांग्रेस नेतृत्व से मांग की है कि फूल सिंह बरैया को तत्काल पार्टी से निलंबित किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस नेता का बयान बेहद आपत्तिजनक है और उन्हें इस तरह की बातों से समाज को तोड़ने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। बता दें कि फूल सिंह बरैया का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने एससी-एसटी-ओबीसी समाज से जुड़ी महिलाओं को लेकर अत्यंत आपत्तिजनक, अमर्यादित और हिंसक आशय वाले शब्दों का प्रयोग किया है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews