MP Breaking News

“एक नेता ‘झूठ की गूंज’ लेकर आ रहा है…” राहुल गांधी के इंदौर कार्यक्रम पर CM डॉ. मोहन यादव का तंज, गांधी परिवार को भी घेरा

आगर मालवा में राहुल गांधी और कांग्रेस पर बरसे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव; बोले- जनता के बीच पांच साल में एक बार जाती है कांग्रेस, राहुल मध्य प्रदेश आएं तो माफी मांगें
Mohan Yadav

भोपाल: राहुल गांधी के इंदौर दौरे से पहले मध्य प्रदेश में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। आगर मालवा पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राहुल गांधी के आगामी कार्यक्रम पर तंज कसते हुए कहा, “एक नेता आ रहा है झूठ की गूंज लेकर।” इसके बाद सीएम ने गांधी परिवार के पुराने नेताओं से लेकर राहुल गांधी के चुनाव क्षेत्रों तक का जिक्र किया और कांग्रेस पर जनता के बीच केवल चुनाव के समय जाने का आरोप लगाया।

सीएम डॉ. यादव ने कहा कि राहुल गांधी आज जनता की बात करने आ रहे हैं, लेकिन उनके परिवार ने देशहित में क्या किया, इसका भी जवाब दिया जाना चाहिए। उन्होंने पंडित जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी का नाम लेते हुए सवाल उठाया कि गांधी परिवार के नेता दिल्ली से चुनाव क्यों नहीं लड़ते रहे। मुख्यमंत्री ने रायबरेली और अमेठी का जिक्र किया और कहा कि जब वहां से भी हारने लगे तो वायनाड चले गए।

“आगे समुद्र आ गया, नहीं तो अरब से चुनाव लड़ते”

राहुल गांधी पर हमला करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस को जनता के बीच पांच साल में केवल एक बार जाना है, जनता के लिए काम नहीं करना है। इसी दौरान उन्होंने तंज कसा, “लोगों ने कहा कि आगे समुद्र आ गया, नहीं तो ये अरब से चुनाव लड़ते।” सीएम ने आरोप लगाया कि कांग्रेस इसी वजह से हर बार जनता के सामने नई और झूठी बात लेकर आती है।

डॉ. यादव ने कांग्रेस पर न्यायालय और सेना के पराक्रम पर भी सवाल उठाने का आरोप लगाया। राहुल गांधी को लेकर उन्होंने व्यक्तिगत टिप्पणी करते हुए कहा, “उनका नाम ही पप्पू है। अब जब नाम पप्पू है तो वो काम भी पप्पू जैसा ही करेगा।”

ट्रम्प का जिक्र कर कांग्रेस को दिया जवाब

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अब अमेरिका में भी भारत के आयुष्मान जैसा कार्ड बनाने की बात हो रही है। सीएम के मुताबिक, अमेरिका में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरह आईडी कार्ड बनाने की बात कही जा रही है। डॉ. यादव ने इसे कांग्रेस के लिए जवाब बताते हुए कहा कि नई टेक्नोलॉजी के इस्तेमाल में भारत आगे बढ़ रहा है, लेकिन राहुल गांधी इसे मानने को तैयार नहीं हैं।

“मध्य प्रदेश आएं तो माफी मांगें राहुल गांधी”

राहुल गांधी के मध्य प्रदेश आने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में उनका स्वागत है, लेकिन उन्हें यहां आकर माफी मांगनी चाहिए। इसके लिए उन्होंने बालाघाट और नक्सलवाद का मुद्दा उठाया। डॉ. यादव ने कहा, “बालाघाट में हमारी सरकार ने लाल सलाम को आखिरी सलाम कहा है। आपने ये काम क्यों नहीं किया?” उन्होंने कांग्रेस शासन के दौरान मध्य प्रदेश में नक्सलियों द्वारा कांग्रेस सरकार के एक मंत्री की हत्या का जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि इसके बाद भी कांग्रेस ने इस समस्या को खत्म क्यों नहीं किया।

चंबल के डाकुओं का जिक्र, बोले- आखिरी खेत तक देंगे पानी

कांग्रेस और राहुल गांधी पर हमले के साथ मुख्यमंत्री ने भाजपा सरकार के काम भी गिनाए। उन्होंने कहा कि एक समय चंबल, भिंड और मुरैना में डाकुओं का आतंक बड़ी समस्या बन गया था, जिसे भाजपा सरकार ने खत्म किया।

सिंचाई पर सीएम ने कहा कि पार्वती-कालीसिंध-चंबल और नर्मदा जैसी नदियां हजारों वर्षों से बह रही हैं, लेकिन प्रदेश में कभी सिंचाई का रकबा केवल साढ़े सात लाख हेक्टेयर था। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार में यह बढ़कर 60 लाख हेक्टेयर से अधिक हो गया है और सरकार आखिरी खेत तक पानी पहुंचाने के लक्ष्य पर काम कर रही है।

Gorav Sarvariya
लेखक के बारे में
पत्रकारिता के क्षेत्र में पांच वर्षों का अनुभव है। विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक विषयों पर रिपोर्टिंग, लेखन में दक्षता। डिजिटल मीडिया और प्रिंट पत्रकारिता दोनों प्लेटफॉर्म्स पर अनुभव View all posts by Gorav Sarvariya
Follow Us :GoogleNews
“एक नेता ‘झूठ की गूंज’ लेकर आ रहा है...” राहुल गांधी के इंदौर कार्यक्रम पर CM डॉ. मोहन यादव का तंज, गांधी परिवार को भी घेरा - MP Breaking News