
Cooperative Department OTS Scheme Farmers
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को मंत्रालय में सहकारिता विभाग की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में अधिकारियों को विभागीय प्रगति, नई कार्ययोजनाओं और सहकारी तंत्र को अधिक पारदर्शी बनाने के लिए निर्देश दिए गए। बैठक के बाद सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग ने मीडिया से चर्चा में सरकार की प्राथमिकताओं, कांग्रेस के आरोपों और पार्टी की संगठनात्मक व्यवस्था पर बात की।
विश्वास सारंग ने बताया कि मुख्यमंत्री समय-समय पर सभी विभागों की समीक्षा करते हैं और सरकार के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर हर विभाग का गहन मूल्यांकन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सहकारिता विभाग की योजनाओं की प्रगति पर जानकारी लेने साथ आगामी तीन वर्षों की कार्ययोजना पर भी मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं।
सरकार लाएगी किसानों के लिए अहम योजना
विश्वास सारंग ने बताया कि सहकारी बैंकों से ऋण न ले पाने वाले डिफॉल्टर किसानों के लिए सरकार वन-टाइम सेटलमेंट (OTS) योजना लाने पर विचार कर रही है ताकि उन्हें फिर से सहकारी तंत्र से जोड़ा जा सके। उन्होंने कांग्रेस सरकारों के समय घोटालों का आरोप लगाते हुए कहा कि उस समय की अनियमितताओं का दुष्प्रभाव किसानों पर पड़ रहा था लेकिन बीजेपी सरकार ऐसी स्थितियों को रोकने के लिए पारदर्शी व्यवस्था लागू कर रही है।
सीएम ने की सीपीपीपी मॉडल और 100 प्रतिशत ऑडिट की सराहना
सहकारिता विभाग ने हाल ही में जीआईएस के माध्यम से CPPP पर काम किया है। विश्वास सारंग ने बताया कि इसमें तेज गति से निवेश आया है। मुख्यमंत्री ने इस मॉडल की सराहना की है। उन्होंने कहा कि विभाग ने पारदर्शिता के लिए व्यापक कंप्यूटरीकरण, ई-पैक्स प्रणाली तथा प्रदेश की सभी सोसायटियों का 100 प्रतिशत ऑनलाइन ऑडिट पूरा किया गया है।
भाजपा कार्यालय में जनता से संवाद करेंगे मंत्री
भाजपा प्रदेश कार्यालय में अब पार्टी ने एक नई व्यवस्था लागू की है, जिसके तहत मंत्री प्रतिदिन दोपहर 1 से 3 बजे तक जनता की समस्याएं सुनेंगे। विश्वास सारंग ने बताया कि भाजपा सरकार जनसमस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और संगठन तथा सत्ता के बीच समन्वय को मजबूत करने के लिए यह व्यवस्था शुरू की गई है।
जीतू पटवारी के आरोपों पर जवाब
कांग्रेस नेता जीतू पटवारी द्वारा मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठकों पर उठाए गए सवालों पर सारंग ने कहा कि उन्हें सरकार की बहुत समझ नहीं है। उन्होंने कहा कि यह वह सरकार नहीं है जहां मंत्रियों को सिर्फ “चलो-चलो” जैसे निर्देश मिलते थे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव चौबीस घंटे क्रियाशील हैं और सभी विभागों की नियमित समीक्षा करते हैं।
पीएम मोदी के एआई वीडियो पर कांग्रेस को घेरा
जब पत्रकारों ने कांग्रेस नेता रागिनी नायक द्वारा शेयर किए गए पीएम मोदी के AI वीडियो पर सवाल पूछा तो विश्वास सारंग ने कहा कि कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि वो हमेशा संवैधानिक पदों का अपमान करती आई है। उन्होंने कहा “राहुल गांधी विदेश जाकर प्रधानमंत्री का अपमान करते हैं और अब कांग्रेस नेता सोशल मीडिया पर ऐसा कर रहे हैं। यह देश के चुने हुए प्रधानमंत्री का अपमान और कांग्रेस की कुंठा का परिणाम है” । उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व को इस अनुशासनहीनता पर तत्काल संज्ञान लेना चाहिए।
पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

