‘आदिवासी हिंदू नहीं’ उमंग सिंघार के बयान पर सीएम डॉ. मोहन यादव ने की माफी की मांग, कहा ‘हिंदुत्व के अपमान पर जनता कांग्रेस को माफ नहीं करेगी’

नेता प्रतिपक्ष के आदिवासियों पर दिए बयान ने प्रदेश की सियासत में हलचल मचा दी है। बीजेपी अब उन्हें कटघरे में खड़ा कर रही है और हिंदुत्व के साथ आदिवासियों के अपमान का भी आरोप लगा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि कांग्रेस हमेशा सनातन धर्म का अपमान करती आई है और इसी कारण उसकी दुर्दशा हो रही है।
CM Dr Mohan Yadv

सीएम डॉ. मोहन यादव ने आदिवासियों पर दिए उमंग सिंघार के बयान की निंदा करते हुए उनसे माफी मांगने की मांग की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा हिंदू और हिंदुत्व के विरोध में काम करती है। पहले राहुल गांधी ने हिंदुत्व का मजाक बनाया और अब नेता प्रतिपक्ष का इस तरह का बयान आया है।

बता दें कि उमंग सिंघार ने एक कार्यक्रम में कहा था “हम आदिवासी हैं, हम हिंदू नहीं हैं। यह बात मैं कई सालों से कहता आ रहा हूं।” उनके इस बयान को लेकर अब बीजेपी उनपर निशाना साध रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर वे हिंदुत्व पर प्रश्न उठाएंगे तो जनता उन्हें माफ नहीं करेगी।

उमंग सिंघार के आदिवासियों पर दिए बयान पर विवाद

उमंग सिंघार ने आदिवासी विकास परिषद के कार्यक्रम में आदिवासियों के हिंदू न होने की बात कही थी। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज की अपनी परंपराएं, धरोहर और संस्कृति है जिसे पहचान मिलनी चाहिए। नेता प्रतिपक्ष ने शबरी प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि “शबरी भी आदिवासी थीं, जिन्होंने भगवान श्रीराम को बेर खिलाए थे। आदिकाल से जो लोग प्रकृति, सूर्य, गाय और फसल की पूजा करते आए हैं, वही आदिवासी हैं और वही हम हैं।” उन्होंने कहा कि हम किसी समाज का अपमान नहीं करना चाहते, लेकिन हमें अपनी परंपराओं, संस्कृति और धरोहर को पहचान देनी होगी। हम उस पहचान के बिना अधूरे हैं।

मुख्यमंत्री ने की माफी की मांग 

उनके इस बयान को लेकर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने उन्हें निशाने पर लिया है। उन्होंने कहा कि ‘कांग्रेस हमेशा हिंदू और हिंदुत्व के विरोध में ही काम करती है। राहुल गांधी ने हिंदुत्व का मजाक बनाया। मणिशंकर अय्यर सहित कई कांग्रेस नेताओं ने सनातन धर्म को लेकर अनर्गल बयान दिए हैं। अब उमंग सिंघार ने कहा है कि आदिवासी हिंदू नहीं है। अगर वे ऐसी राजनीति करेंगे तो जनता कभी उनको माफ नहीं करेगी। ऐसी ही बातों के कारण कांग्रेस की दुर्दशा हो रही है।’ उन्होंने कहां कि उमंग सिंघार को अपने इस बयान के लिए माफी मांगनी चाहिए।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews