भोपाल: मध्यप्रदेश के इंदौर में आयोजित लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस सांसद और लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को लेकर ऐसा बयान दे दिया, जिससे राजनीतिक गलियारों में बवाल मच गया है। सीएम मोहन यादव ने राहुल गांधी के बयानों पर सवाल उठाते हुये कहा कि ऐसा लगता है जैसे राहुल गांधी इस देश के नहीं, बल्कि पाकिस्तान से आकर राजनीति कर रहे हैं।
सीएम डॉ. मोहन यादव के बयान के बाद कांग्रेस नेताओं ने उन पर जमकर निशाना साधा है। एमपी विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भी राहुल गांधी को लेकर दिये गये बयान पर मुख्यमंत्री को घेरा है। सिंघार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए कहा कि सीएम, अब बस भी कीजिये! बड़बोलेपन की सारी हदें पार कर चुके हैं आप!
ये भी पढ़ें
सीएम मोहन यादव के बयान पर उमंग सिंघार का हमला
उमंग सिंघार ने सीएम डॉ. यादव के बयान पर सवाल उठाते हुये कहा कि आपने अपने ही देश के नेता प्रतिपक्ष को दुश्मन देश का बताने की हिम्मत कैसे की? यह सिर्फ राहुल गांधी का नहीं, बल्कि देश के लोकतंत्र में भरोसा रखने वाली 140 करोड़ जनता का सीधा अपमान है। उन्होंने आगे कहा कि.. आपकी सोच का स्तर तो हर दिन पाताल में गिरता जा रहा है। आपका पाकिस्तान राग इतना हावी हो चुका है कि सीमाओं पर कब्जा जमाता चीन और देश में बढ़ती महंगाई एवं बेरोजगारी आपको दिखाई ही नहीं देती।
सिंघार ने आगे कहा कि जिस इंसान की दादी (स्व. इंदिरा गांधी जी) और पिता (स्व. राजीव गांधी जी) ने भारत की एकता के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए हों, आज आप उस परिवार से देशभक्ति का हिसाब मांगेंगे? जिस खून में शहादत और तिरंगा बहता है, उनसे देशभक्ति का सर्टिफिकेट मांगने की भाजपा की हैसियत क्या है?
उमंग सिंघार ने आगे कहा कि राहुल गांधी करोड़ों भारतीयों की उम्मीद हैं, हर कार्यकर्ता का स्वाभिमान हैं और इस देश के असली जननायक हैं। उन्हें आपकी नफरती फैक्ट्री से देशभक्ति का पर्चा नहीं चाहिये है। साथ ही, सिंघार ने सीएम मोहन यादव को लेकर आगे कहा कि शहीदों के अपमान और इस घटिया राजनीति के दम पर आपकी कुर्सी ज्यादा दिन नहीं टिकेगी। जनता आपकी इस तानाशाही को उखाड़ फेंकने के लिए तैयार बैठी है।
क्या है पूरा मामला?
बता दें कि सीएम मोहन यादव शुक्रवार, 30 अक्टूबर 2026 को इंदौर में आयोजित भाजपा की लोकतंत्र बचाओ, अराजगकता हटाओ पदयात्रा में शामिल हुये थे। रैली के बाद सीएम ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुये कांग्रेस और राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा था। इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी की कार्यशैली और बयानों पर सवाल उठाते हुये कहा कि ऐसा लगता है कि राहुल गांधी पाकिस्तान से आकर यहां राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस पर लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं और संस्थाओं का सम्मान नहीं करने का आरोप भी लगाया। सीएम मोहन यादव के इस बयान के बाद कांग्रेस नेताओं ने भी पलटवार किया और कई सवाल उठाये हैं।
