
CM Shivraj took a meeting regarding PM Modi Gwalior visit : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2 अक्टूबर को ग्वालियर आने वाले हैं। ग्वालियर में उनके प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों की मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक समीक्षा बैठक ली। इस बैठक में तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा की गई। बता दें कि पिछले छह महीने में पीएम सात बार मध्य प्रदेश के दौरे पर आ चुके हैं और अक्टूबर में उनका ग्वालियर और जबलपुर दौरा प्रस्तावित है।
सीएम ने दिए आवश्यक निर्देश
पीएम मोदी के ग्वालियर दौरे को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि 2 अक्टूबर को प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी और ग्रामीण) के हितग्राहियों को गृह प्रवेश करवाएंगे। प्रधानमंत्री ग्वालियर के मेला ग्राउंड परिसर में आवासों के गृह-प्रवेश कार्यक्रम एवं अनेक विकास कार्यों के लोकार्पण के साथ भूमि-पूजन भी करेंगे। इसे लेकर समीक्षा बैठक में सीएम ने निर्देश दिए कि गरिमामय आयोजन की सभी आवश्यक तैयारियाँ पूर्ण की जाएं। मुख्यमंत्री निवास से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए उन्होने ग्वालियर कलेक्टर और संबंधित विभागों के अधिकारियों से प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि आवास योजनाओं से प्रदेश में बड़ी संख्या में जरूरतमंदों को अपना मकान मिला है। इस उपलब्धि का श्रेय संबंधित विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों को भी जाता है। ग्वालियर में प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना से लगभग 2 लाख हितग्राहियों को सीधा लाभ मिला है।
बैठक में मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस और संबंधित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। यहाँ ग्वालियर कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक डी श्रीनिवास वर्मा, पुलिस उप महानिरीक्षक कृष्णावेणी देशावतु, कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश चंदेल, नगर निगम आयुक्त हर्ष सिंह व अपर कलेक्टर अंजू अरूण कुमार सिंह अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha
पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.
2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →

