पुलिसकर्मी से अभद्रता वाले डॉक्टर पर एक्शन, CMHO ने हटाया, शासन को लिखा कार्यवाही के लिए पत्र

Bhopal News

Bhopal News : शासकीय सेवकों को नौकरी ज्वाइन करते समय उनके सीनियर अधिकारी जनता के साथ संजीदा व्यवहार रखने उसके साथ सभ्यता से पेश आने की सलाह देते हैं लेकिन कुछ शासकीय सेवक ऐसे होते हैं जिनके लिए ये बातें कोई मायने नहीं रखती, उनके लिए उनका ओहदा , उनकी पोस्ट बहुत बड़ी होती है , वो अपने से छोटे कर्मचारी को कुछ नहीं समझते और ना ही नौकरी को कुछ समझते हैं। ऐसा ही व्यवहार करने वाले एक डॉक्टर पर CMHO ने एक्शन लिया है और शासन को पत्र लिखकर कार्यवाही का अनुरोध किया है।

डॉक्टर ने एक आरोपी की MLC की दूसरे की करने से इंकार किया 

मामला बुरहानपुर जिला चिकित्सालय का है, यहाँ कल गुरुवार 11 अप्रैल को थाना शाहपुर में पदस्थ पुलिसकर्मी दीपक प्रधान दो आरोपियों को लेकर एमएलसी के लिए गया था, यहाँ शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र आलमगंज में पदस्थ मेडिकल ऑफिसर डॉ रघुवीर सिंह आकस्मिक ड्यूटी पर थे उन्होंने एक आरोपी की एमएलसी कर दी दूसरे आरोपी को करने से इंकार कर दिया, आरक्षक ने बहुत अनरोध किया लेकिन डॉक्टर नहीं माने उसने कहा कि मैं कलेक्टर सर से बोल देता हूँ तो डॉक्टर भड़क गए और अभद्रता करने लगे।

पुलिस आरक्षक से बोले डॉक्टर साहब , नौकरी जूते की नोक पर रखता हूँ 

भड़कते ही डॉक्टर साहब बोले मैं नहीं करूँगा तू मुझे सस्पेंड करा दे, नौकरी ये रखी जूते की नोक पर , मैं शौक के लिए नौकरी करता हूँ, मैं पुलिसवाला नहीं हूँ कि नौकरी छूट जाएगी तो कुछ नहीं कर पाउँगा , इससे 10 गुना कमा लूँगा,  आरक्षक ने कहा मैं सरकारी काम से आया हूँ और वर्दी में हूँ और आपसे सर कहकर बात कर रहा हूँ और आप तू करके बात कर रहे हैं  इतना सुनकर डॉक्टर भड़क गए, बोले अपने टी आई से बात करा, आरक्षक बोला टीआई सर बोलिए तो डॉक्टर बोले तेरा टीआई थर्ड क्लास ऑफिसर है मैं सेकण्ड क्लास गजेटेड ऑफिसर हूँ , वो तेरे लिए सर होंगे मेरे लिए नहीं,  तुझे जो करना हैं कर ले।

बहस का वीडियो वायरल, CMHO ने हटाया, शासन को पत्र लिखा  

अस्पताल में मौजूद किसी ने डॉक्टर रघुवीर सिंह और आरक्षक दीपक प्रधान की बातचीत का वीडियो बना लिया और वायरल कर दिया, वीडियो वायरल होते ही हडकम्प मच गया, वायरल वीडियो CMHO डॉ राजेश सिसोदिया के पास भी पहुँचा। उधर आरक्षक दीपक प्रधान ने डॉक्टर रघुवीर सिंह द्वारा उसके साथ की गई अभद्रता की शिकायत भी की जिसके बाद CMHO ने डॉ रघुवीर सिंह को  शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र आलमगंज से हटाकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गुलई ट्रांसफर कर दिया और स्वास्थ्य आयुक्त भोपाल को पत्र लिखकर पूरा घटनाक्रम का जिक्र करते हुए डॉक्टर पर आवश्यक कार्यवाही करने का अनुरोध किया है ।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews