कांग्रेस ने पटवारी भर्ती परीक्षा को लेकर शिवराज सरकार से पूछे 5 सवाल, पीसी शर्मा ने लगाए आरोप

कांग्रेस ने पटवारी भर्ती परीक्षा को लेकर शिवराज सरकार से पूछे 5 सवाल, पीसी शर्मा ने लगाए आरोप

MP Patwari Bharti Exam : पूर्व मंत्री और कांग्रेस विधायक पी.सी. शर्मा ने फिर पटवारी भर्ती परीक्षा में भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाया है। उन्होने कहा कि सीएम शिवराज सिंह चौहान बताएं कि पटवारी भर्ती परीक्षा में भ्रष्टाचार कर बच्चों के भविष्य पर रोक लगाने का जिम्मेदार कौन है। उन्होने सवाल किया कि घोटाले की जांच के लिए बने आयोग को अब तक दफ्तर क्यों नहीं दिया गया है।

पी.सी. शर्मा ने सोमवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय के सभागार में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं और विद्यार्थियों के भविष्य के लिए काल बन चुकी भारतीय जनता पार्टी युवाओं को बर्बाद करने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है। उन्होने कहा कि व्यापमं घोटाले की हैट्रिक लगाते हुए व्यापम-3 घोटाला, जो कि पटवारी भर्ती परीक्षा के माध्यम से सामने आया है, इसमें भाजपा के नेताओं ने कितने करोड़ का खेल किया है यह भाजपा को बताना चाहिए। कांग्रेस विधायक ने कहा ‘पटवारी भर्ती परीक्षा जिसके कि दिसंबर 2022 से जनवरी 2023 तक फॉर्म भरे गए, पहले तो बड़े पैमाने पर फीस भाजपा सरकार ने इसमें ले ली, इसके बाद चुनावी वर्ष में 15 मार्च से 26 अप्रैल तक इस परीक्षा का आयोजन किया गया जिसमें भारतीय जनता पार्टी के विधायक के कॉलेज में कई सारे सफल अभ्यर्थियों को परीक्षा दिलवाई गई, इसके बाद 1 जुलाई 2023 को भर्ती परीक्षा के परिणाम आए और परिणाम आते ही प्रदेश भर के अभ्यर्थी राज्य सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने लगे।’

सरकार के पूछे 5 सवाल

उन्होने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने पहले मामले को दबाने की कोशिश की लेकिन कांग्रेस एवं प्रदेश के युवाओं के बढ़ते विरोध को देखकर पहले डराने धमकाने की कोशिश की, पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किया गया एवं अंत में सीएम शिवराज सिंह चौहान को यह मानना पड़ा कि इस परीक्षा में बड़े पैमाने पर धांधली हुई है। 13 जुलाई सीएम ने ट्वीट के माध्यम से इस भर्ती पर रोक लगाने की बात कही। 19 जुलाई को एक सदस्यीय जांच आयोग की घोषणा की गई लेकिन अभी ऐसी खबरें आई हैं कि जांच आयोग को ठीक से काम नहीं करने दिया जा रहा है। इस मामले को लेकर कांग्रेस ने सीएम शिवराज और बीजेपी सरकार से 5 सवाल किए हैं-

प्रश्न 1: क्या यह सच है कि एक सदस्यीय जांच आयोग को अभी तक दफ्तर नहीं दिया गया है, यदि दफ्तर नहीं दिया गया है तो क्या व्यापमं के कार्यालय में जाकर भाजपा ने उन्हें जांच करने के लिए निर्देशित किया है? क्या भाजपा कार्यालय में कोई जगह उनको दी जा रही है इस बात का जवाब भाजपा दे?
प्रश्न 2: इस मामले को लेकर जांच आयोग की आड़ में क्या गिरफ्तारियां टालने की कोशिश की गई है? अब तक कितनी गिरफ्तारियां इस मामले में हुई हैं भाजपा इसका जवाब दे?
प्रश्न 3: लाखों बच्चों के भविष्य पर प्रश्नचिन्ह लगाते हुए भर्ती पर रोक लगाई गई तो किन भाजपा नेताओं का इसके पीछे हाथ है?
प्रश्न 4: जांच आयोग की ओर से अब तक क्या कोई प्राथमिक रिपोर्ट जारी की गई है और अगर नहीं तो कब तक यह रिपोर्ट जारी कर दी जाएगी, भाजपा इसका जवाब दे?
प्रश्न 5 : 9000 पटवारियों की भर्ती में भारतीय जनता पार्टी ने कितने करोड़ का खेल किया है तथा प्रति पटवारी कितने लाख की बोली लगाई गई है इस बात का जवाब भाजपा और उसके नेता दें?

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews