गोमांस पर जीरो GST के खिलाफ मध्यप्रदेश कांग्रेस का 26-27 सितंबर को प्रदेशव्यापी आंदोलन, जीतू पटवारी ने कहा “गाय नहीं कटने देंगे”

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने बीजेपी सरकार पर भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने और माफिया संरक्षण के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस गायों की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी और नकली गोभक्तों का चेहरा बेनकाब करेगी। उन्होंने पिछले आठ साल में जीएसटी और नोटबंदी के कारण हुई कथित लूट के लिए सरकार से जवाब मांगने की बात भी कही है।
Zero GST on beef

Congress MP Protest

बीजेपी सरकार द्वारा जीएसटी सुधार में ताज़े और फ्रोजन गोमांस पर कोई जीएसटी नहीं लगाया गया है। इसे लेकर कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा है। जीतू पटवारी ने घोषणा की है कि 26 और 27 सितंबर को कांग्रेस इसके खिलाफ प्रदेशव्यापी आंदोलन करेगी।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इस दो दिवसीय आंदोलन के तहत 26 तारीख को बड़े शहरों में विरोध प्रदर्शन होगा और 27 को प्रदेशभर के कस्बों में विरोध अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि वो किसी हाल में गाय नहीं कटने देंगे। साथ ही पिछले आठ साल में जीएसटी की जो लूट की गई है, उसे वापस करने की मांग भी सरकार से की जाएगी। जैसे टैक्स में रिफंड की व्यवस्था होती है वैसे ही जीएसटी के ज़रिए की गई लूट की रकम भी सरकार से वापस मांगी जाएगी।

जीतू पटवारी ने बीजेपी पर लगाए आरोप

जीतू पटवारी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कहा कि पूरे मध्यप्रदेश में अब सब ये कह रहे हैं कि मध्यप्रदेश की सरकार माफिया की सरकार है। उन्होंने कहा कि “ये सिर्फ कांग्रेस का आरोप नहीं है। मैं चुनौती देता हूं कि कोई एक विभाग बता दीजिए जहां बिना रिश्वत या बिना भ्रष्टाचार के काम होता है। कोई एक मंत्रालय या एक मंत्री का नाम बता दीजिए जो ईमानदार हो..मैं उसका नागरिक अभिनंदन करूंगा। एक होती है व्यक्ति की बेइमानी और एक विचार की बेइमानी। बीजेपी का विचार भ्रष्टाचारी है। पीएम मोदी ने जब पहले जीएसटी लगाई तो राहुल गांधी जी ने कहा कि ये देश की अर्थव्यवस्था बर्बाद कर देगी। नौ साल पहले प्रधानमंत्री ने इसके पक्ष में देश में गीत गाए। आठ साल तक राहुल जी कहते रहे कि इससे छोटे उद्योग समाप्त हो जाएंगे और वैसा हो गया। वे कहते रहे कि ये कुछ उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए जीएसटी और नोटबंदी की गई है..अब वो सिद्ध हो गया है। अब आठ साल बाद जीएसटी में सुधार किया गया लेकिन इस बीच जो लूट हुई उसका अपराधी कौन है। ये देश के सामने सवाल है।” उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार ने कुछ लोगों के फायदे के लिए पूरे देश की जनता के साथ छल किया है।

गोमांस पर जीरो जीएसटी को लेकर सरकार को घेरा

जीएसटी में गोमांस पर जीरो टैक्स को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष ने बीजेपी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों सीएम मोहन यादव ने कहा कि हम गोभक्त हैं हम गाय पालते हैं और कांग्रेसी दूसरे जानवर पालते हैं। लेकिन कांग्रेस का वही विचार है जो हिंदू धर्म का विचार है कि जियो और जीने दो। हिंदू धर्म का विचार है प्राणियों में सद्भावना हो..सिर्फ मनुष्य में नहीं हर प्राणी में, विश्व का कल्याण हो। हम जब विश्व कल्याण की बात करते हैं तो उसमें सबकी बात होती है। गाय की भी होती है, अन्य पशु पक्षियों की भी और मनुष्य की भी। उन्होंने कहा कि हम मुख्यमंत्री से अलग सोच रखते हैं। वो गाय की पूजा करते हैं क्योंकि गाय के नाम पर वोट लें। और फिर बीजेपी गाय का कत्ल करवाती है।

कांग्रेस का प्रदेशव्यापी आंदोलन

जीतू पटवारी ने कहा कि सबसे ज्यादा गोमांस का एक्सपोर्ट भारत से हो रहा है और पीएम मोदी के राज में सारे रिकॉर्ड टूट गए। और जीएसटी में गाय के मांस पर जीरो परसेंट टैक्स लगाया है। गोमांस पर जीरो परसेंट जीएसटी का मैसेज है कि दुनिया में गाय का मांस और अधिक एक्सपोर्ट करो। उन्होंने घोषणा की कि कांग्रेस इसे लेकर प्रदेशव्यापी आंदोलन चलाने जा रही है।  कांग्रेस 26 और 27 सितंबर को पूरे प्रदेश में आंदोलन करेंगी। 26 तारीख को जिला स्तर पर आंदोलन किया जाएगा और 27 तारीख को पूरे प्रदेश में हर कस्बे में विरोध होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जितनी गौशालाएं हैं हम वहां जाएंगे। जितनी सड़क पर गाएं हैं उनको घेरकर कलेक्टर ऑफिस ले जाएंगे। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि हम गाय माता की रक्षा करेंगे और नकली गोभक्तों का चेहरा बेनकाब करेंगे।

[dgv_vimeo_video id=”1121148277″]

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews