बाबा साहब अंबेडकर का लिखा पत्र कांग्रेस ने किया शेयर, BJP पर पलटवार, कहा- चुनाव हराने में सावरकर का हाथ

खड़गे ने कहा बाबा साहब ने अपने मित्र को 18 जनवरी 1952 में लिखे पत्र में खुद लिखा था कि मुझे हराने में एस.ए. डांगे और सावरकर का हाथ था। ये दोनों चाहते थे कि बाबा साहेब हार जाएं और यही उनकी मंशा थी।
Dr. Bhimrao Ambedkar

Baba Saheb Ambedkar Jayanti: बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की जयंती पर सियासत जारी है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा में एक कार्यक्रम कांग्रेस पर हमला बोलते हुए बाबा साहब को बार बार अपमानित करने दो बार चुनाव हरवाने का आरोप लगाया तो पीएम मोदी और भाजपा के आरोपों पर कांग्रेस ने जवाबी हमला बाबा साहब के लिखे पत्र के जरिये किया और कहा कि चुनाव हरवाने  का काम सावरकर ने किया था कांग्रेस ने नहीं।

पूरा देश आज बाबा साहब अंबेडकर की जयंती मना रहा है, जगह जगह कार्यक्रम हो रहे हैं बाबा साहब को मानने वाले जय भीम का नारा लगा रहे हैं और जयंती को एक उत्सव के रूप में मना रहे है वो वहीं राजनीतिक दल अपने सियासी एजेंडे के मुताबिक काम कर रहे हैं, खुद को अंबेडकर का सच्चा हितैषी साबित करने में लगी पार्टियाँ एक दूसरे पर हमलावर हो रही है।

कांग्रेस संविधान की भक्षक बन गई है

प्रधानमंत्री मोदी आज हरियाण के हिसार में एयरपोर्ट की नई टर्मिनल बिल्डिंग की आधारशिला रखने पहुंचे उन्होंने यहाँ बाबा साहब को पुष्पांजलि अर्पित की फिर बाद में कांग्रेस पर हमला किया, मोदी ने कहा -हमें ये भूलना नहीं है कि कांग्रेस ने बाबा साहेब के साथ क्या किया, जब तक बाबा साहेब जीवित थे कांग्रेस ने उन्हें अपमानित किया। दो-दो बार उन्हें चुनाव हरवाया। कांग्रेस ने उनकी याद तक मिटाने की कोशिश की। कांग्रेस ने बाबा साहेब के विचारों को भी हमेशा के लिए खत्म कर देना चाहा। डॉ अंबेडकर संविधान के संरक्षक थे, लेकिन कांग्रेस संविधान की भक्षक बन गई है।

कांग्रेस ने जारी किया बाबा साहब का लिखा पत्र, भाजपा पर पलटवार 

पीएम मोदी के अलावा भाजपा के सभी नेता इस बात को कहते हैं कि कांग्रेस ने कई बार बाबा साहब को अपमानित किया उन्हें चुनाव हरवाया लेकिन भाजपा और पीएम मोदी के आरोपों के जवाब में आज कांग्रेस ने बाबा साहब अंबेडकर का 18 जनवरी 1952 का हाथ से लिखा पत्र सोशल मीडिया पर शेयर किया और कहा कि बाबा साहब ने खुद चुनाव हरवाने में सावरकर का हाथ बताया है।

खड़गे ने बताया कांग्रेस ने बाबा साहब के लिए क्या किया 

पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि- BJP कहती है कि कांग्रेस ने बाबा साहब अंबेडकर का अपमान किया है। जबकि सच्चाई यह है कि कांग्रेस पार्टी ने बाबा साहेब को संविधान सभा का सदस्य बनाया, उन्हें  ड्राफ्टिंग कमेटी का चेयरमैन बनाया।

RSS और BJP कभी बाबा साहेब का सम्मान नहीं कर सकती: कांग्रेस  

मध्य प्रदेश कांग्रेस के नेता पीयूष बबेले ने ये पत्र अपने X एकाउंट पर शेयर किया, उन्होंने लिखा- आज संविधान निर्माता बाबा साहेब अंबेडकर की जयंती पर यह याद रखना चाहिए कि उन्हें चुनाव हराने का षड्यंत्र सावरकर ने रचा था। यह बाबा साहेब के हाथ से लिखा पत्र है और पेज नंबर दो पर दूसरी लाइन में इस बात का ज़िक्र है। RSS और BJP कभी बाबा साहेब का सम्मान नहीं कर सकती।

झूठ के पांव कितने भी लंबे हो अंत में थककर रुक जाते हैं: पटवारी 

बबेले के पत्र को मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने शेयर करते हुए भाजपा पर पलटवार किया, जीतू पटवारी ने लिखाबाबासाहेब का अपमान करने वाले, सच का सामना करने से डरने वाले, झूठ के दुष्प्रचार को धर्म की तरह धारण करने वाले – आंखें खोलकर इस सत्य और तथ्य को कंठस्थ कर लें, क्योंकि, झूठ के पांव कितने भी लंबे हो अंत में थककर रुक जाते हैं।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews