भाजपा सांसद के विवादित बोल, ‘किसानों से कर्ज वसूलने आए तो हाथ तोड़ देंगे, गला दबा देंगे’

bjp mp

भोपाल| प्रदेश की कमलनाथ सरकार के खिलाफ भाजपा का ‘किसान आक्रोश आन्दोलन’ विवादों का आंदोलन बन गया| कई बड़े नेताओं ने अपनी भड़ास सरकार और प्रशासन पर निकाली और इस दौरान उनके बोल भी बिगड़ गए| मंच से ही नेता धमकियां देते नजर आये| रीवा में भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा ने विवादास्पद बयान दिया| उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस या पुलिस का कोई व्यक्ति किसानों से वसूली करने आएगा तो उसका हाथ तोड़ देंगे, गला दबा दिया जाएगा| 

पार्टी के ‘किसान आक्रोश आन्दोलन’ में बोलते हुए जनार्दन मिश्रा ने राज्य सरकार पर किसानों के खिलाफ काम करने का आरोप लगाया|  मिश्रा ने कहा, अगर कांग्रेस या पुलिस में से कोई भी बदला लेने के मकसद से किसानों के पास आता है, तो उनके हाथ तोड़ दिए जाएंगे और उनकी गला घोट दिया जाएगा, भाजपा कार्यकर्ता मजबूती के साथ खड़े हैं| मिश्रा ने कहा कि कमलनाथ सरकार मध्य प्रदेश में विभाजन और विनाश की राजनीति कर रही है।

विवादित बयानों को लेकर सांसद सुर्ख़ियों में रहे हैं, हाल ही में उन्होंने रीवा के निगम आयुक्त सभाजीत यादव को जिंदा गाड़ने की धमकी दी थी। एक बैठक में उन्होंने कहा था कि जब निगम आयुक्त आपके पास आए और पैसे मांगे तो मुझे बुलाना। मैं आऊंगा और एक गड्ढा खोदकर उसे जिंदा गाड़ दूंगा।  इस बयान का वीडियो भी वायरल हुआ था| उन्होंने आयुक्त पर गंभीर आरोप लगाए थे| 

Mp Breaking News
लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews