
Uproar over Vibhishana : मध्य प्रदेश बीजेपी के प्रभारी मुरलीधर राव का एक बयान बीजेपी और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग की वजह बन गया है। शुक्रवार को गुना में पार्टी के कार्यक्रम के दौरान राव ने सिंधिया समर्थक मंत्रियों को विभीषण बताया था जिसके बाद अब कांग्रेस इसपर जमकर चुटकी ले रही है।
क्या है मामला
मौका था गुना जिले में बीजेपी के त्रिदेव बूथ स्तरीय सम्मेलन का और इस दौरान मंच पर ज्योतिरादित्य सिंधिया समर्थक मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया और प्रदुम सिंह तोमर भी मौजूद थे। इन मंत्रियों की उपस्थिति में बीजेपी के मध्य प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव ने कहा कि अब कांग्रेस में बचा ही क्या है। सारे विभीषण यही आ गए हैं। उन्होंने बाकायदा महेंद्र सिंह सिसोदिया और प्रद्युम्न सिंह तोमर का नाम लेकर पुकारा जिस पर खिसियाते हुए पंचायत मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया ने कहा कि ‘हम सब तो राम के भक्त हैं।’
बयान पर बवाल
मुरलीधर राव के बयान का वीडियो वायरल होने के बाद अब कांग्रेस ने इस पर पलटवार किया है। कांग्रेस के मीडिया अध्यक्ष केके मिश्रा ने ट्वीट करके कहा है कि “मैं तो कर्म से क्षत्रिय हूं पर आप। उसूलों पर जहां आंच आए, टकराना जरूरी है जो जिंदा हो तो जिंदा नजर आना जरूरी है। हे विभीषणों, आपके स्वाभिमान को शुभकामनाएं” इसके बाद राव के बयान पर खुद बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा बचाव में आगे आए और उन्होंने विभीषण को महान कहा। वहीं बीजेपी के मीडिया प्रभारी लोकेंद्र पाराशर ने भी विभीषण शब्द को लेकर कहा कि वह अन्याय के खिलाफ लड़े थे। इस पर चुटकी लेते हुए कांग्रेस की मीडिया विभाग की उपाध्यक्ष संगीता शर्मा ने सुझाव दिया है “भाजपा मीडिया अध्यक्ष जी, जब आपको भी विभीषण शब्द इतना पसंद आ ही गया है और आप के अध्यक्ष जी और प्रभारी को भी आपत्ति नहीं है तो क्यों नहीं आप लोग सिंधिया समर्थक मंत्रियों के सरनेम विभीषण कर देते! एक मंत्री जी के नाम पर तो परफेक्ट भी बैठता है..प्रभु राम विभीषण।” कुल मिलाकर इस पूरे मामले पर जिस तरह का सियासी बवाल चल रहा है उससे यह जल्द ठंडा होता नहीं दिखता।
भाजपा मीडिया अध्यक्ष जी जब आपको विभीषण नाम इतना ही पसंद आ गया है और आपके अध्यक्ष जी एवं प्रभारी जी को भी आपत्ति नहीं है, तो क्यों नहीं आप लोग सिंधिया समर्थक मंत्रियों के सरनेम विभीषण कर देते। एक मंत्री जी के नाम पर तो परफेक्ट भी बैठता है प्रभुराम विभीषण!
— Sangeeta Sharma🇮🇳 (@SangeetaCongres) November 19, 2022
पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

