राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार के बयान पर विवाद, ‘पूर्व मुख्यमंत्री’ को लेकर कही ऐसी बात कि बीजेपी-कांग्रेस आ गए आमने सामने

Controversy over the statement of State Minister

Controversial statement of Dilip Ahirwar : ये दुनिया उगते हुए सूरज को सलाम करती है। एक बार फिर ये बात साबित हुई जब हाल ही में राज्यमंत्री बने दिलीप अहिरवार का एक वीडियो सामने आया। इसमें वो ‘पूर्व मुख्यमंत्री’ पर टिप्पणी करते नजर आ रहे हैं और कांग्रेस का कहना है कि शिवराज सिंह चौहान का सीएम पद जाते ही पूर्व मुख्यमंत्री के निपटने का रहस्य बता रहे हैं। वहीं बीजेपी डैमेज कंट्रोल करते हुए कह रही है कि वो शिवराज नहीं कमलनाथ की बात कर रहे हैं।

‘पूर्व मुख्यमंत्री’ वाले बयान पर कांग्रेस ने साधा निशाना

राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार से पत्रकार ने सवाल किया कि बड़ा मलहरा विधानसभा को पूर्व मुख्यमंत्री ने गोद लिया था..क्या रहेगा खास। इसके जवाब में मंत्री जी कह रहे हैं ‘अरे..वर्तमान मुख्यमंत्री को देखो। पूर्व तो जाने किन किनको गोद लिए थे। इसीलिए तो उनका ये परिणाम है। सिर्फ वो गोद लेते थे, करते तो कभी कुछ थे नहीं।’ इस बयान के बाद अब कांग्रेस ने बीजेपी पर निशाना साथा है। कांग्रेस मीडिया विभाग के उपाध्यक्ष भूपेंद्र गुप्ता ने एक्स पर लिखा है कि ‘भाजपा के राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार को सुनिये..वे पूर्व मुख्यमंत्री के निपटने का रहस्य बता रहे हैं। नाभी पर तीर चला रहे हैं?’ वहीं कांग्रेस के मीडिया सलाहकार पियूष बबेले ने कहा है कि ‘मध्य प्रदेश भाजपा में गुटबाज़ी इस स्तर पर उतर आई है कि मुख्यमंत्री मोहन यादव के मंत्री दिलीप अहीरवार पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को अपशब्द कह रहे हैं। अपने वरिष्ठों का अपमान भाजपा की संस्कृति है। कह रहे हैं कि शिवराज ने कुछ नहीं किया।’

बीजेपी ने किया पलटवार

वहीं बीजेपी अब इस मामले में बचाव के लिए सामने आ गई है। प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने कहा है कि दिलीप अहिरवार ने ये बात ‘पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ’ के लिए कही है, न कि शिवराज के लिए। उन्होने एक्स पर लिख है कि ‘कमलनाथ जी गये तो पटवारी जी के करीब आने के लिए ‘नाथ’ की ‘नाकामियों’ का ढिंढोरा पीटने में कसर नहीं छोड़ रहे, वाह् बबेले जी। मंत्री श्री दिलीप अहिरवार जी ने तो जो कहा वह कमलनाथ जी के लिए कहा…पूरा प्रदेश जानता है कि कमलनाथ जी तो चुनाव में अपने रटे रटाए भाषणों में हर विधानसभा को गोद लेने का प्रपंच रच रहे थे। उसी प्रपंच के आवरण को मंत्री श्री दिलीप अहिरवार जी ने हटाया है। लेकिन आपने तो बड़ी चतुराई से उसका ढिंढोरा भी पीट दिया। बबेले जी कम से कम कमलनाथ जी को तो बख्श देते!’ इस तरह अब बीजेपी मामले को संभालने की कोशिश में लगी हुई है। हालांकि दिलीप अहिरवार ने पूर्व मुख्यमंत्री का नाम नहीं लिया, लेकिन यहां सवाल उठता है कि सिर्फ 15 महीने के मुख्यमंत्री कमलनाथ पर आखिर कोई किस आधार पर सवाल उठाएगा। ये तीर साफ तौर पर शिवराज पर साधा हुआ दिख रहा है, लेकिन बीजेपी फिलहाल इसका मुंह मोड़ने की कोशिश करती नजर आ रही है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews