मप्र में कोरोना का कहर, अब कांग्रेस विधायक चौधरी सुजीत सिंह की रिपोर्ट पॉजिटिव

मप्र में कोरोना का कहर, अब कांग्रेस विधायक चौधरी सुजीत सिंह की रिपोर्ट पॉजिटिव

भोपाल, डेस्क रिपोर्ट। एमपी में नेताओं पर कोरोना का कहर तेजी से बरप रहा है। एक के बाद एक विधायक-मंत्री इसकी चपेट में आ रहे है। कांग्रेस विधायक राहुल सिंह लोधी , सुनील सराफ और विधायक संजयसिंह उईके के बाद अब कांग्रेस के एक और विधायक की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने से हड़कंप मच गया है। बीते दिनों ही ब्यावरा के कांग्रेस विधायक गोवर्धन दांगी का कोरोना से निधन हो गया था।

दरअसल,पूर्व मुख्यमंत्री और पीसीसी चीफ कमलनाथ (Kamalnath) के गृह जिले छिंदवाड़ा के चौरई से कांग्रेस विधायक सुजीत सिंह चौधरी (Sujit Singh Chaudhary) की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। उन्होंने खुद सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी है। विधायक ने लिखा कि शनिवार सुबह उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। पिछले 4 दिनों से वे होम आइसोलेशन में हैं। उन्होंने कहा है कि पिछले दिनों जो भी मेरे संपर्क में आए हों वो सावधानी बरतते हुए कोरोना टेस्ट करवा लें।

अबतक कई विधायक कोरोना की चपेट में

दो दिन बाद 21 सितंबर से विधानसभा का सत्र शुरु होना है, इसके पहले एक के बाद एक विधायकों के कोरोना संक्रमित होने से कांग्रेस में हड़कंप मच गया है। हाल ही में दमोह के कांग्रेस विधायक राहुल सिंह लोधी ,अनूपपूर के विधायक सुनील सराफ और बालाघाट के विधायक संजयसिंह उईके की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके पहले भी कई कांग्रेस विधायक कोरोना की चपेट में आ चुके है। इसके साथ ही अब तक आधे से अधिक विधानसभा सदस्यों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आ चुकी है। स्थिति को देखते हुए इसी वजह से विधानसभा सत्र को 2 दिन का कर दिया गया है। जहां पहले दिन श्रद्धांजलि कार्यक्रम पूर्ण होगा वहीं दूसरे दिन बजट पर चर्चा होगी। प्रश्नकाल के साथ-साथ अध्यक्ष-उपाध्यक्ष के चुनाव को भी फिलहाल टाल दिया गया है।

मप्र में भयावह हालात

मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) में सभी रिकॉर्ड तोड़ते हुए कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 1 लाख पार हो गया है। पिछले 24 घंटे में रिकार्ड 2552 नए पॉजिटिव सामने आये हैं। प्रदेश में कोरोना अगस्त के मुकाबले सितंबर में दोगुना रफ़्तार से बढ़ रहा है। शुक्रवार को आई सरकारी रिपोर्ट में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 100458 पहुँच गया है| अब तक 76,952 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 1,901 लोगों की मौत हुई है। स्वस्थ होने की दर 76 फीसद और संक्रमितों में मौत की दर 1.89 फीसद है। कोरोना के चलते पिछले 24 घंटे में 24 लोगों की मौत हो गई। जिसके बाद अब मृतकों का कुल आंकड़ा बढ़कर 1901 हो गया है। अब सक्रिय मरीजों की संख्या 21605 हो गई है। सितंबर में 36,493 लोग कोरोना की चपेट में आए हैं। अगस्त में 32,159 आये थे, इस तरह सितंबर के 18 दिनों में ही सभी रिकार्ड टूट गए हैं।

Pooja Khodani
लेखक के बारे में
Pooja Khodani

12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

खबर वह होती है जिसे कोई दबाना चाहता है। बाकी सब विज्ञापन है। मकसद तय करना दम की बात है। मायने यह रखता है कि हम क्या छापते हैं और क्या नहीं छापते। (पत्रकारिता में 12 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ हर खबर पर पैनी नजर) View all posts by Pooja Khodani →
Follow Us :GoogleNews