कोरोना पॉजिटिव घर पर करा सकेंगे इलाज, ‘होम आइसोलेशन’ को लेकर CM ने दिए निर्देश

कोरोना पॉजिटिव घर पर करा सकेंगे इलाज, ‘होम आइसोलेशन’ को लेकर CM ने दिए निर्देश

भोपाल, डेस्क रिपोर्ट
बिना लक्षण वाले ऐसे मरीज जिनके घर में इसके लिए व्यवस्था है तथा जो घर पर ही रहना चाहते हैं, वे घर में ही आइसोलेट हो सकते हैं| मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उनके ‘होम आइसोलेशन’ के दौरान उनके उपचार एवं देखभाल की मॉनीटरिंग की अच्छी व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए। इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग को गाइड लाइन तैयार कर प्रत्येक जिले को भेजने के निर्देश दिए हैं|

मुख्यमंत्री श्री चौहान वीडियो कान्फ्रेंस द्वारा प्रदेश में कोविड-19 की स्थिति और व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा है कि चूंकि अब कस्बों एवं गांवों में भी कोरोना संक्रमण हो रहा है अत: जिलों की ही तरह सब डिविजन स्तर पर भी क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप बनाए जाएं, जो वहां की परिस्थितियों के अनुरूप कोरोना नियंत्रण का कार्य करें। मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस ने बताया कि इस संबंध में जिलों को ‍विस्तृत निर्देश जारी कर दिए हैं।

क्वारेंटाइन की गाइडलाइन फिर से जारी करें
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने निर्देश दिए हे कि ‘क्वारेंटाइन’ एवं ‘आइसोलेशन’ किए जाने के संबंध में जिलों को गाइडलाइन दोबारा जारी करें। एसीएस हैल्थ ने बताया कि जो मरीज कोविड पॉजीटिव हैं, उनका परिस्थिति अनुसार ‘होम आइसोलेशन’ किया जा सकता है तथा जो संदिग्ध हैं, उनका ‘होम आइसोलेशन’ अथवा ‘संस्थागत क्वारेंटाइन’ किया जा सकता है।

टेस्ट बढ़ाए जाएं
कटनी जिले की समीक्षा के दौरान पाया गया कि गत 7 दिनों में वहां पॉजिटिविटी दर 7.36 प्रतिशत आई है। जिले में वर्तमान में 221 पॉजीटिव व 77 एक्टिव मरीज हैं, 139 स्वस्थ होकर घर गए है तथा 5 मृत्यु हैं। जिले में टेस्टिंग कम है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने निर्देश दिए कि जिलें में टेस्टिंग बढ़ाई जाए तथा पूरी सर्तकता के साथ काम किया जाए।

अन्य राज्यों से आने वालों की स्क्रीनिंग अनिवार्य
सिंगरौली जिले की समीक्षा में पाया गया कि वहां गत 7 दिन में कोरोना के 91 नए प्रकरण आए हैं। जिला जेल में 27 प्रकरण आए हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने निर्देश दिए कि यह सुनिश्चित किया जाए कि बिना स्वास्थ्य जाँच के कोई भी व्यक्ति जिले में न आए। जेल में भी क्वारेंटाइन हैल्थ स्क्रीनिंग आदि की समुचित व्यवस्था हो।

इन 5 जिलों में सर्वाधिक नए मरीज
जिलेवार समीक्षा में पाया गया कि इंदौर, भोपाल, जबलपुर, ग्वालियर और मुरैना में सर्वाधिक क्रमश: 184,138,61,35 तथा 32 कोरोना प्रकरण पाए गए हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इन सभी जिलों में विशेष ध्यान रखे जाने के निर्देश दिए।

प्रदेश में 1185 मरीज ‘होम आइसोलेशन’ में
अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य ने बताया कि प्रदेश में बिना लक्षण वाले 1185 कोरोना मरीजों को ‘होम आइसोलेशन’ में रखा गया है, इनमें से मुख्यरूप से इंदौर में 492, जबलपुर में 326, ग्वालियर में 113, भोपाल में 47 तथा शिवपुरी में 42 मरीजों को ‘होम आइसोलेशन’ में रखा गया है।

सतना एवं झाबुआ भी विशेष ध्यान दें
सतना एवं झाबुआ जिले की समीक्षा में वहां पॉजिटिविटी रेट अधिक पाए जाने पर विशेष ध्यान दिए जाने के निर्देश मुख्यमंत्री श्री चौहान ने दिए। झाबुआ जिले को टेस्टिंग बढ़ाए जाने के निर्देश दिए गए। वहां प्रति व्यक्ति 10 लाख टेस्टिंग 2 से 2.5 हजार है, जो कि काफी कम है।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews