भोपाल: वरिष्ठ समाजसेवी स्वर्गीय निर्मल कुमार केसवानी की छठी पुण्यतिथि पर भोपाल में श्रद्धांजलि और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए। 24 अगस्त को शीतल दास की बगिया में आयोजित कार्यक्रम में काशी विश्वनाथ से आए पंडों ने गंगा आरती की तर्ज पर आरती की। आयोजकों के मुताबिक भोपाल में इस तरह का आयोजन पहली बार किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने स्वर्गीय केसवानी को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके सामाजिक योगदान को याद किया।
झूलेलाल की फौज द्वारा आयोजित कार्यक्रम में पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, मंत्री विश्वास सारंग, मंत्री लखन पटेल, भाजपा सह-मीडिया प्रभारी बृज गोपाल लोया और पवन दुबे सहित बड़ी संख्या में सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोग शामिल हुए।

गंगा आरती की तर्ज पर आरती बनी आकर्षण
शीतल दास की बगिया में हुए आयोजन का प्रमुख आकर्षण गंगा आरती की तर्ज पर की गई आरती रही। इसके लिए काशी विश्वनाथ से पंडों को बुलाया गया था। श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान स्वर्गीय निर्मल कुमार केसवानी के समाजसेवा से जुड़े कार्यों और उनके जीवन मूल्यों को भी याद किया गया।
परिजनों और शुभचिंतकों ने कहा कि उनकी स्मृतियां और सेवा भावना आज भी समाज के लिए प्रेरणा हैं। साथ ही उनके सामाजिक कार्यों की विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।

5 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं ने ग्रहण की प्रसादी
इसी दौरान शीतल दास की बगिया में झूलेलाल चालिहा का समापन कार्यक्रम भी आयोजित हुआ। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में 5 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता और श्रद्धालु भी आयोजन में शामिल हुए।
पुण्यतिथि पर पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश
पुण्यतिथि से एक दिन पहले 23 अगस्त को सिटी प्रेस क्लब द्वारा पर्यावरण मित्र सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें समाजसेवियों और पत्रकारों को सम्मानित करने के साथ स्वर्गीय निर्मल कुमार केसवानी की स्मृति में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
इस कार्यक्रम में सांसद दर्शन सिंह चौधरी, राज्यसभा सांसद रजनीश अग्रवाल, विधायक रामेश्वर शर्मा, विधायक भगवानदास सबनानी और नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी सहित कई लोग मौजूद रहे।

समाजसेवा की विरासत आगे बढ़ाने का संकल्प
दो दिनों तक हुए आयोजनों में स्वर्गीय निर्मल कुमार केसवानी के सामाजिक योगदान को याद करते हुए उनके सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया। आयोजकों ने कहा कि उनके जीवन से जुड़े सेवा, सहयोग और सामाजिक सरोकार के मूल्य आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे। श्रद्धांजलि एवं इससे जुड़े अन्य कार्यक्रम श्री निर्मल वेलफेयर फाउंडेशन और जागृत हिन्दू मंच द्वारा आयोजित किए गए।






