
Digvijay Singh Dance : दिग्विजय सिंह का डांस चर्चाओं में है। राहुल गांधी (Rahul Gandhi) की भारत जोड़ो यात्रा कन्याकुमारी से प्रारंभ हुई और आज मध्य प्रदेश में प्रवेश कर रही है। इससे पहले दो दिन का ब्रेक था जब राहुल गांधी गुजरात चुनाव प्रचार के लिए गए थे और इन दो दिनों में कुछ अलग अलग चीज़ें हुईं। ये डांस भी इसी दौरान का बताया जा रहा है। इसमें देख सकते हैं कि दिग्विजय सिंह ‘केसरिया तेरा इश्क है पिया’ गीत पर समूह के साथ झूमते नजर आ रहे हैं। वे पूरे जोश में हैं और उनके चेहरे पर खुशी दमक रही है। यात्रा की थकान कहीं नहीं है बल्कि वे ऊर्जा से भरे दिख रहे हैं। तो क्या ये यात्रा के दौरान मिली प्रतिक्रियाओं का असर है या फिर 2023 के लिए मध्यप्रदेश को लेकर जागी उम्मीद ?
दिग्गी राजा के डांस पर नरोत्तम मिश्रा की प्रतिक्रिया
गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा (Narottam Mishra) ने इस वीडियो पर उत्साहजनक प्रतिक्रिया देते हुए कहा है ‘उनका उमंग भरा डांस और खुशी से दमकता चेहरा, आपकी धारदार चाल ऐसी ही बनी रहे आदरणीय।’ यूं सुनने में ये एक नेता का दूसरे नेता के लिए थोड़ा सा तंजभरा लेकिन स्वाभाविक सा रिएक्शन लग रहा है, लेकिन इसपर गौर कीजिए तो एक गहरा कटाक्ष छिपा हुआ है। नरोत्तम मिश्रा ने ‘उमंग भरा डांस’ कहकर एक पुरानी जंग को सामने ला दिया है।
दिग्विजय सिंह और उमंग सिंघार के बीच की तनातनी
दरअसल..दिग्विजय सिंह और उमंग सिंघार (Umang Singhar) के बीच की तनातनी और विरोध किसी से छिपा नहीं। जब भी कांग्रेस की बात होती है तो उसकी अंदरुनी कलह का जिक्र होता ही है। कांग्रेस शासनकाल में वनमंत्री रहे उमंग सिंघार ने दिग्विजय सिंह को ब्लैकमेलर नंबर वन तक कह डाला था। उन्होने कहा था कि ‘सरकार की नीतियों में दिग्विजय सिंह दखलअंदाज़ी करते हैं, पर्दे के पीछे से अपने लोगों को बिठाकर अवैध धंधे करवाते हैं..जिसमें शराब और रेत का अवैध धंधा शामिल है।’ बता दें कि इससे पहले उमंग सिंघार की बुआ और तत्कालीन उप पूर्व मुख्यमंत्री जमुना देवी से भी दिग्विजय सिंह की पटरी कभी नहीं बैठी थी। अब जबकि उमंग सिंघार पर एक महिला ने दुष्कर्म और मानसिक प्रताड़ना को लेकर एफआईआर दर्ज कराई है, ऐसे समय में दिग्विजय सिंह का डांस और उसपर नरोत्तम मिश्रा की प्रतिक्रिया के काफी कुछ छिपे मायने हैं। राजनीति में हर एक्शन और शब्दों के अलग अलग अर्थ होते हैं और गृहमंत्री की प्रतिक्रिया को भी उसी से जोड़कर देखा जा रहा है।
[dgv_vimeo_video id=”773659350″]
When you are walking for days together shouldn’t we have fun on the side? Yes we should and we do. So join us on our #BharatJodoYatra. Thank you Harshvardhan Sapkal for arranging all this for our Yatris. @INCMaharashtra @INCIndia @RahulGandhi @Jairam_Ramesh https://t.co/FRtueUtuhK
— Office Of Digvijaya Singh (@OfficeOfDVS) November 22, 2022
पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

