दिग्विजय सिंह ने अमेरिका की नई ट्रैवल एडवाइज़री को लेकर मोदी सरकार को घेरा, राज्यसभा में पूछा सवाल

इस एडवाइज़री में यूएस ने कहा है कि नागरिक जब भारत यात्रा करें तो उन्हें अपराध, आतंकवाद और नक्सलवाद की वजह से ज्यादा सावधानी बरतनी चाहिए। उसने सलाह दी कि कुछ क्षेत्रों में काफी ज्यादा जोखिम बढ़ गया है, इसलिए पर्यटक वहाँ न जाएँ। इस मामले को कांग्रेस सांसद ने सदन में उठाया लेकिन केंद्रीय मंत्री को इस एडवाइज़री के बारे में कोई जानकारी ही नहीं थी।
Digvijaya Singh

Digvijaya Singh

MP News : राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने अमेरिका की नई ट्रैवल एडवाइज़री को लेकर मोदी सरकार को घेरा है। अमेरिका ने अपने नागरिकों को सलाह दी है कि वे आतंकवाद, हिंसा और अपराध से प्रभावित भारत के कुछ हिस्सों में यात्रा नहीं करें। इसे लेकर दिग्विजय सिंह ने राज्यसभा में सवाल पूछा लेकिन केंद्रीय पर्यटन मंत्री को इसे लेकर कोई जानकार ही नहीं थी।

क्या है मामला

दरअसल अमेरिका ने अपने नागरिकों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है और उन्हें भारत में मणिपुर, जम्मू-कश्मीर, भारत-पाकिस्तान सीमावर्ती क्षेत्रों और देश के मध्य और पूर्वी हिस्सों में नहीं जाने की सलाह दी है।  एडवाइजरी में ये भी कहा गया है कि पर्यटक उन इलाकों में भी न जाएँ, जहां नक्सली सक्रिय हैं। अमेरिका के विदेश विभाग ने कहा है कि उन्होंने पूर्वोत्तर राज्यों की जानकारी के साथ अपनी एडवाइज़री को अपडेट किया है।

दिग्विजय सिंह ने राज्यसभा में उठाया मुद्दा 

इसे लेकर कांग्रेस सांसद दिग्विजय सिंह ने राज्यसभा में सवाल पूछा था। लेकिन केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह चौहान ने इस मामले पर जवाब देते हुए कहा कि ‘यूएस ने ऐसी कोई एडवाइज़री रिलीज़ की है, ऐसी कोई जानकारी मेरे संज्ञान में नहीं हैं’। इस जवाब से असंतुष्ट विपक्ष ने जब सरकार की भर्त्सना की तो राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने दिग्विजय सिंह से कहा कि आप सदन के पटल पर ये चर्चा करें, उसके बाद इसपर चर्चा होगी।

अब इस मुद्दे को लेकर दिग्विजय सिंह ने एक्स पर अपना रोष ज़ाहिर किया है और लिखा है कि ‘मोदी सरकार, आतंकवाद, अपराध और हिंसा के मामले में पूरी तरह विफल हो चुकी है। रही सही कसर अमेरिका ने पूरी कर दी है। अमेरिका ने भारत भ्रमण के लिए जाने वाले अपने नागरिकों को आगाह किया है कि वे आतंकवाद, हिंसा और अपराध से प्रभावित भारत के कुछ हिस्सों में यात्रा नहीं करें। भाजपा सरकार ने शान्ति का टापू कहे जाने वाले हमारे देश की छवि पूरे विश्व में बिगाड़ कर रख दी है। हद तो तब हो गयी जब माननीय मंत्री जी को इसकी जानकारी भी नहीं थी। माननीय अध्यक्ष महोदय ने भी मंत्री जी को समझाने के बजाय मुझे ही शिक्षा दे दी!’

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews