‘शुद्ध पेट्रोल तुम्हारे बाप के यहां से आएगा’ E20 पर जनार्दन मिश्रा के बयान से गरमाई सियासत, उमंग सिंघार का पलटवार

कांग्रेस नेता ने बीजेपी सांसद के बयान को सत्ता के अहंकार से जोड़ते हुए एथेनॉल मिश्रण के फायदे और आम उपभोक्ताओं पर इसके असर को लेकर भाजपा सरकार से जवाब मांगा है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल के माइलेज और लागत को लेकर जनता के सवालों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
Umang Singhar

पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण को लेकर मध्यप्रदेश में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने रीवा में भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा के बयान को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल में एथेनॉल मिलाने से यदि आम लोगों को परेशानी हो रही है तो जनता को सवाल पूछने का पूरा अधिकार है।

उन्होंने सवाल किया कि “पेट्रोल में एथेनॉल की मिलावट किसके बाप-बेटे के लिए की जा रही है?” कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि रीवा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल का विरोध कर रहे लोगों पर सांसद जनार्दन मिश्रा ने आपा खोते हुए कहा, “शुद्ध पेट्रोल तुम्हारे बाप के यहां से आएगा?”

क्या है मामला

बता दें कि रीवा के एक कार्यक्रम में एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल के विरोध को लेकर भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा का वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें उन्होंने विरोध कर रहे लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि “शुद्ध पेट्रोल तुम्हारे बाप के यहां से आएगा क्या?”

कांग्रेस का पलटवार

इस मामले पर कांग्रेस हमलावर है। उमंग सिंघार ने कहा कि “यह सिर्फ एक सांसद की अमर्यादित भाषा नहीं, बल्कि पूरी भाजपा के सत्ता के अहंकार को दिखाता है। सांसद जी, शुद्ध पेट्रोल किसी के बाप के घर से नहीं आता, लेकिन पेट्रोल में एथेनॉल की मिलावट आखिर किसके बाप-बेटे के फायदे के लिए की जा रही है?” उन्होंने कहा कि पेट्रोल में एथेनॉल की मिलावट से तकलीफ जनता को है तो जनता सवाल भी पूछेगी और भाजपा सरकार को जवाब देना होगा।

पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण को लेकर बहस जारी

पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण को लेकर देशभर में बहस तेज है। केंद्र की एथेनॉल ब्लेंडिंग नीति का उद्देश्य कच्चे तेल के आयात पर निर्भरता कम करना, विदेशी मुद्रा की बचत करना और किसानों को गन्ना व मक्का जैसे उत्पादों के लिए अतिरिक्त बाजार उपलब्ध कराना है। सरकार ने पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण को धीरे-धीरे बढ़ाया है और अब 20 प्रतिशत ब्लेंडिंग के स्तर तक पहुंचा गया है। सरकार का कहना है कि इससे देश की ऊर्जा सुरक्षा मजबूत होगी और पेट्रोलियम आयात पर होने वाला खर्च कम किया जा सकेगा। वहीं, E20 को लेकर वाहन मालिकों की मुख्य चिंता माइलेज और पुराने वाहनों की अनुकूलता को लेकर है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews