MP की 9 लोकसभा सीटों पर आज थमा चुनावी शोर, 7 मई को होगा मतदान

सोमवार को इन क्षेत्रों के 20456 मतदान केंद्रों पर मतदान कराने के लिए मतदान दल रवाना होंगे। मंगलवार को तीसरे चरण के मतदान के दौरान इन नौ संसदीय क्षेत्रों में एक करोड़ 77 लाख 52 हजार 583 वोटर मतदान करेंगे।
election

MP News : लोकतंत्र के महापर्व यानी लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के लिए मध्यप्रदेश की 9 सीटों आज शाम चुनाव प्रचार का शोर थम गया। इन सीटों के लिए तीसरे चरण में 7 मई को मतदान होगा। इस चरण में नौ सीटों के लिए कई दिग्गज सहित प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। एमपी की मुरैना, भिंड, ग्वालियर, गुना, सागर, राजगढ़, विदिशा, भोपाल, बैतूल लोकसभा क्षेत्रों में रविवार शाम 6 बजे से चुनाव प्रचार का शोर थम गया है। चुनाव प्रचार थमने के साथ अब चुनाव प्रचार संबंधित सभी गतिविधियों पर पूर्णतया प्रतिबंध रहेगा। इस दौरान सभी राजनीतिक दलों के बाहरी कार्यकर्ता व पदाधिकारियों को निर्वाचन क्षेत्र से बाहर जाना होगा।

बता दें कि सोमवार को इन क्षेत्रों के 20456 मतदान केंद्रों पर मतदान कराने के लिए मतदान दल रवाना होंगे। मंगलवार को तीसरे चरण के मतदान के दौरान इन नौ संसदीय क्षेत्रों में एक करोड़ 77 लाख 52 हजार 583 वोटर मतदान करेंगे। एक करोड़ 68 लाख 31 हजार 603 मतदाताओं को मतदाता सूचना पर्ची वितरित की जा चुकी है।

प्रत्याशी व्यक्तिगत कर सकेंगे संपर्क 

चुनावी शोर थमने के बाद प्रत्याशी और उनके समर्थक बगैर किसी ढोल ढमाके और शोर शराबे के व्यक्तिगत संपर्क कर सकेंगे। इस दौरान एंफोर्समेंट एजेंसियों की जांच पड़ताल भी सख्त हो गई है। अंतर्राज्यीय नाकों और लोकसभा क्षेत्र के अंदर नाकाबंदी कर जांच की जाएगी। अगर 50 हजार से अधिक राशि किसी के पास मिली तो उसे जब्त किया जाएगा। सोने चांदी के जेवरात पूरे पेपर्स न होने पर जब्त किए जाएंगे।

दोनों चरण में कम हुई वोटिंग

बता दें कि मध्यप्रदेश में लोकसभा चुनाव की दो चरणों में वोटिंग हो चुकी है। जिसमें पहले चरण में 67.04 % मतदान हुआ था। इन सीटों पर 2019 की तुलना में 8% कम वोटिंग हुई थी। वहीं दूसरे चरण में 58.35% मतदान हुआ था। लेकिन 2019 की तुलना में इस बार इन सीटों पर 9.33% कम वोटिंग हुई।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews