आबकारी विभाग के अफसरों ने श्रीराम से लगाई प्रमोशन की गुहार, पदोन्नति के लिए पाती लिखी

Mantralay

Excise department officers wrote letter to Lord Ram for promotion : आबकारी विभाग के अफसरों ने श्रीराम से प्रमोशन की गुहार लगाई है। बार बार ज्ञापन देने के बाद भी अब तक उनकी मांगों पर कोई निर्णय नही लिया गया है। इसलिए अब उन्होने ‘एक पाती राम के नाम’ लिखकर अपनी पीड़ा व्यक्त की है। इसी के साथ आज वल्लभ भवन पहुंचकर उन्होने एक्साइज कमिश्नर और उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा के ज्ञापन भी सौंपा।

श्रीराम को लिखी पाती

जब चारों ओर से निराश हो जाते हैं तो लोग राम की शरण में जाते हैं। ऐसा ही कुछ हाल है आबकारी विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों का। ये लंबे समय से प्रमोशन की मांग कर रहे हैं जिसपर अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई है। ऐसे में अब इन्होने भगवान राम को पदोन्नति के लिए पाती लिखी है। ‘एक पाती राम के नाम’ में इन्होने लिखा है कि ‘हे मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम, आज हम सभी आपके द्वार एक आशा लेकर आए हैं। ऐसा सुनिश्चित है कि तेरे स्मरण मात्र से समस्त प्राणियों के सभी दुखों का नाश हो जाता है।’

पदोन्नति की गुहार लगाई

पत्र में आगे उन्होने लिखा है कि ‘प्रभु, वर्तमान युग में हर्ष का विषय, दैहिक प्रसन्नता और आनंद से परिपूर्ण उत्सवीय माहौल में जब कि आप टेंट से दिव्य राम मंदिर में प्रतिष्ठित हो रहे हैं। आपके मानवीय चरित्र में आपका वनवास 14 वर्षों का रहा किंतु हम अभागे इस दैहिक अवस्था में विगत 18 वर्षों से एक ही पद पर कार्यरत हैं। हमारे कई साथी 20 तो कोई 25, 28 वर्षों से एक ही पद पर कार्यरत है और कई सेवानिवृत्त होकर, कई आपके चरणों में विलीन हो गए। प्रभु श्री राम हम सभी आबकारी विभाग के कर्मचारी, आरक्षक, मुख्य आरक्षक, आबकारी उप निरीक्षक एवं अन्य साथी आपके करबद्ध प्रार्थना करते हैं कि इस दैहिक अवस्था के शासकीय कर्तव्यों में शीघ्र पदोन्नति मिलें, ऐसा आशीर्वाद प्रदान करें।’ इस पत्र के साथ ही उन्होने डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा और एक्साइज कमिश्नर को अपनी पदोन्नति की मांग का ज्ञापन भी सौंपा।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews