जबलपुर बरगी डैम में चल रहा था खराब इंजन वाला क्रूज़, उमंग सिंघार ने कहा “आपराधिक लापरवाही”, मुख्यमंत्री से कड़ी कार्रवाई की मांग

इस घटना को लेकर अब एक पत्र वायरल हो रहा है जिससे पता चला है कि क्रूज के इंजन में लंबे समय से खराबी थी और इसकी जानकारी अधिकारियों को पहले से दी जा चुकी थी। नेता प्रतिपक्ष ने इसे भाजपा सरकार की “आपराधिक लापरवाही” बताते हुए दोषियों पर एफआईआर, जिम्मेदार अधिकारियों की बर्खास्तगी और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग की है।
Umang Singhar

पिछले दिनों जबलपुर के बरगी डैम में पर्यटकों से भरे क्रूज के डूबने की घटना ने पूरे देश को झकझोरकर रख दिया। इस हादसे में 13 लोगों की मौत हो चुकी है और पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहे क्रूज़ पर हमेशा के लिए जैसे सवालिया निशान लग गया है। घटना से जुड़े कई नए खुलासे भी हो रहे हैं जो उन लापरवाहियों की तरफ़ ध्यान दिला रहे हैं जिन्हें समय रहते सुधार लिया जाता तो शायद इतना बड़ा हादसा नहीं होता। इसे लेकर कांग्रेस भी प्रदेश सरकार पर हमलावर है।

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने इसे महज हादसा नहीं, बल्कि बीजेपी सरकार की आपराधिक लापरवाही करार दिया है। उन्होंने कहा कि “मार्च में ही अफसरों को लिखित चेतावनी दी गई थी कि क्रूज का इंजन खराब है, फिर भी उसे पानी में उतारा गया। आखिर किसके संरक्षण में मौत का यह खेल चलता रहा? ” उन्होंने मुख्यमंत्री से इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पर्यटन विभाग के पत्र से हुए नए खुलासे

दरअसल बरगी क्रूज हादसे के बाद अब मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग का एक पत्र सामने आया है, जिसने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है। इस पत्र में साफतौर पर उल्लेख किया गया है कि क्रूज लंबे समय से तकनीकी खराबियों से जूझ रहा था और उसके इंजन में बार-बार दिक्कत आ रही थी। जानकारी के अनुसार, इसी साल 1 मार्च को मध्यप्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम को भेजे गए पत्र में मैकल रिसोर्ट बरगी प्रबंधन ने बताया था कि इकाई में मौजूद “मैकल सुता” क्रूज वर्ष 2006 से संचालित हो रहा है, जबकि “रेवा” क्रूज वर्ष 2007 में आया था। दोनों क्रूज लगभग दो दशक पुराने हो चुके हैं और इनके इंजनों में कई बार मरम्मत कार्य कराया जा चुका है। पत्र में यह भी उल्लेख था कि सुधार कार्य के बावजूद इंजन बार-बार खराब हो रहे हैं और इस संबंध में कई बार विभाग को अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद क्रूज संचालन जारी रखा गया।

उमंग सिंघार ने सरकार को घेरा

इसे लेकर उमंग सिंघार ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि यह हादसा नहीं, बल्कि “सरकारी लापरवाही और जिम्मेदार अधिकारियों की अनदेखी” का परिणाम है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मार्च में ही संबंधित अधिकारियों को लिखित रूप से चेतावनी दी गई थी कि क्रूज का इंजन खराब है और वह संचालन योग्य स्थिति में नहीं है। इसके बावजूद पर्यटकों को उसमें बैठाकर पानी में उतार दिया गया, जिसके कारण 13 लोगों की जान चली गई।

मुख्यमंत्री से कड़ी कार्रवाई की मांग

उमंग सिंघार ने सवाल उठाया कि किसके संरक्षण में खराब क्रूज का संचालन जारी रखा गया। उन्होंने कहा कि जब लोगों की जिंदगी खतरे में थी, तब सरकार जिम्मेदारी निभाने की बजाय सिर्फ लीपापोती में लगी रही। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि इस विषय में संज्ञान लेकर दोषियों पर तत्काल एफआईआर की जाए, साथ ही जिम्मेदार अधिकारियों को बर्खास्त किया जाए जिससे पीड़ित परिवारों को न्याय मिल सके।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews