त्योहारों के मौसम में महंगाई की मार, प्याज-दाल से लेकर खाद्य तेल तक के दाम बढ़े, उमंग सिंघार ने सरकार को घेरा

नवरात्रि शुरू हो गई है और आने वाले दिनों में त्योहारों की रौनक भी बढ़ेगी। ऐसे में खाद्य वस्तुओं की बढ़ती कीमतें आम लोगों की चिंता बढ़ा रही हैं। कांग्रेस भी इस मुद्दे पर लगातार सरकार को निशाने पर ले रही है।
Umang Singhar

मध्यप्रदेश के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने महंगाई को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि प्याज, टमाटर, दाल और खाद्य तेल की बढ़ती कीमतों ने आम आदमी के घर का बजट बिगाड़ दिया है। त्योहारों के दौरान भी लोगों को महंगाई से राहत नहीं मिल रही है, जबकि सरकार इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि गरीब परिवारों के लिए रसोई गैस सिलेंडर खरीदना पहले ही मुश्किल है। ऐसे में सिलेंडर खरीदने के बाद दाल, सब्जी और दूसरी जरूरी चीजों का इंतजाम करना भी चुनौती बन गया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि गरीब के घर में सिलेंडर तो आ जाएगा, लेकिन उस पर खाना पकाने के लिए अनाज और सब्जियां खरीदना मुश्किल हो रहा है।

त्योहारों के मौसम में बढ़ती महंगाई 

महंगाई के दबाव की तस्वीर सरकारी आंकड़ों में भी दिखाई दे रही है। सितंबर 2026 में देश की खुदरा महंगाई दर बढ़कर 5.54 प्रतिशत हो गई, जबकि अगस्त में यह 4.83 प्रतिशत थी। खाद्य महंगाई दर भी अगस्त के 5.97 प्रतिशत से बढ़कर सितंबर में 7.74 प्रतिशत पर पहुंच गई। सितंबर में प्याज की कीमतों में सालाना आधार पर 108.09 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की।

प्याज की कीमतों में पिछले साल के मुकाबले तेज उछाल आया, जबकि टमाटर की सालाना महंगाई दर में गिरावट दर्ज की गई। 12 अक्टूबर के अखिल भारतीय औसत खुदरा भाव के मुताबिक प्याज लगभग 53 रुपये और टमाटर 42 रुपये प्रति किलो बिक रहा था। अरहर दाल का औसत भाव लगभग 129 रुपये और उड़द दाल का 124 रुपये प्रति किलो रहा। सोया तेल की कीमत भी लगभग 168 रुपये प्रति किलो दर्ज की गई।

उमंग सिंघार ने सरकार को घेरा

उमंग सिंघार ने महंगाई को लेकर बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया है कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में आम लोगों पर खर्च का बोझ बढ़ रहा है, लेकिन सरकार उन्हें राहत देने में नाकाम है। कांग्रेस नेता ने उज्ज्वला योजना के तहत मिलने वाले गैस कनेक्शन और सिलेंडर की कीमत का जिक्र करते हुए कहा कि गरीब परिवार के लिए केवल रसोई गैस का इंतजाम कर पाना ही काफी नहीं है। घर में खाना बनाने के लिए अनाज, दाल, तेल और सब्जियां भी चाहिए। अगर इन सभी चीजों की कीमतें बढ़ती रहेंगी, तो सीमित आमदनी में परिवार अपनी जरूरतें कैसे पूरी करेंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सवाल किया कि आम जनता को बढ़ती कीमतों से राहत कब मिलेगी।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews