इंदौर यूथ कांग्रेस में फिर मारपीट, चिंटू चौकसे पर गंभीर आरोप, बीजेपी नेता नरेंद्र सलूजा ने कसा तंज ‘कांग्रेसी संस्कृति लात-घूंसों का प्रदर्शन जारी’

यूथ कांग्रेस आईटी सेल के शहर अध्यक्ष दीपक सोनवाने ने चिंटू चौकसे पर आरोप लगाया है कि उन्होंने भरी बैठक उनके साथ मारपीट की। इसी के साथ ये आरोप भी लगाया कि उन्हें जान से मारने की धमकी दी जाती है और अगर कुछ भी होता है तो इसके ज़िम्मेदार चिंटू चौकसे होंगे। सोनवाने ने एफआईआर करने की बात भी कही है। इसे लेकर अब बीजेपी ने कांग्रेस को घेरते हुए कहा है कि देखना होगा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के गृह नगर में हुई घटना पर क्या कार्रवाई होती है।
Saluja

Indore Youth Congress fight : हाल ही में इंदौर एयरपोर्ट पर यूथ कांग्रेस के दो गुटों में मारपीट हुई थी। इस मामले में मध्यप्रदेश युवक कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता अमित पटेल को निलंबित कर दिया गया है। लेकिन इस घटना के बाद भी शायद युवक कांग्रेस ने कोई सबक नहीं लिया है। अब एक बार फिर यूथ कांग्रेस में मारपीट का मामला सामने आया है। इस घटना में जीतू पटवारी के नजदीकी चिंटू चौकसे पर आरोप लग रह हैं।

इसके बाद अब बीजेपी ने कांग्रेस पर तंज कसा है। बीजेपी प्रदेश प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने कहा है कि यही कांग्रेस की संस्कृति है जो अब खुलकर जनता के सामने आ रही है। उन्होंने कहा कि इस बार मारपीट का आरोप जीतू पटवारी के खास समर्थक चिंटू चौकसे पर लगा है और देखना होगा कि कांग्रेस के प्रभारी के सामने हुई इस मारपीट को लेकर पार्टी क्या कार्रवाई करती है।

इंदौर युवक कांग्रेस में फिर विवाद

इंदौर में यूथ कांग्रेस आईटी सेल के शहर अध्यक्ष दीपक सोनवाने ने आरोप लगाया है कि उनके साथ भरी बैठक में मारपीट की गई। उन्होंने कहा कि ‘गांधी भवन में विधानसभा 2 की मीटिंग थी। हम सब आकर बैठे। मैंने तो कुछ बोला भी नहीं..मैं वहां सुन रहा था। इन्होंने मुझसे पुरानी खुन्नस निकाली। मेरा टिकट काटा था पूरी तैयारी करवाकर चिंटू चौकसे जी ने। और उन्होंने व उनके साथियों ने मिलकर मेरे साथ लात जूतों से मारपीट की। विधानसभा में एक लाख से ज्यादा वोट से ये हारे हैं और इनके खिलाफ अगर कुछ बोलो लिखो तो इनकी धमकियां मिलती है कि तुझे जान से मरवा देंगे, तेरे को घर से उठवा लेंगे। चिंटू चौकसे ने कहा है कि तू इंदौर में रहना भूल जाएगा। चिंटू चौकसे मुझे आए दिन धमकी देता है। मुझे आज बैठक में सबके सामने मारा है। मैं अब एफआईआर करवाने जा रहा हूं और अगर मुझे कुछ भी होता है तो इसके लिए चिंटू चौकसे जवाबदार होंगे।’

नरेंद्र सलूजा ने कांग्रेस को घेरा

अब दीपक सोनवाने का ये वीडियो बीजेपी प्रदेश प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने अपने एक्स हैंडल से शेयर किया है। इसी के साथ उन्होंने लिखा है ‘युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के इंदौर विमानतल आगमन पर मारपीट का मामला अभी ठंडा हुआ ही नहीं और आज फिर मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के गृह नगर इंदौर के कांग्रेस कार्यालय में प्रदेश सह प्रभारी के सामने पहली बैठक में ही कांग्रेसजनों में आपस में जमकर लात-ठूँसे चल गये। मामला पुलिस थाने तक पहुँच गया। कांग्रेसी संस्कृति “लात-ठूँसे” का प्रदर्शन जारी। इस बार मारपीट का आरोप जीतू पटवारी के खास समर्थक इंदौर के नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे पर लगा है। अब देखते है कि कांग्रेस के प्रभारी के सामने हुई इस मारपीट पर , किस पर क्या कार्यवाही होती है ? युवक कांग्रेस में तो लड़ाई चल ही रही है , अभी एक विकेट गिरा है।’

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews