MP में आज से निशुल्क कोविड बूस्टर डोज़ अभियान प्रारंभ, सीएम शिवराज ने की अपील

स्वास्थ्य विभाग

भोपाल, डेस्क रिपोर्ट। आज से मध्यप्रदेश में नि:शुल्क बूस्टर डोज़ (covid booster dose campaign) लगाने का राज्य स्तरीय अभियान शुरू हुआ। इस मौके पर सीएम शिवराज सिंह चौहान (CM Shivraj singh chouhan) ने सभी नागरिकों से कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए बूस्टर डोज लगवाने की अपील की है। कोविड वैक्सीन अमृत महोत्सव अंतर्गत प्रदेशवासियों को नि:शुल्क बूस्टर डोज़ के राज्य स्तरीय अभियान का शुभारंभ आज से हुआ।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बूस्टर डोज़ लगाए जाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से तैयारी की गई है। जिन व्यक्तियों को दोनों डोज़ लगे हुए 6 माह हो चुके हैं उन्हें बूस्टर डोज़ लगवाने की पात्रता है। इस अभियान के अंतर्गत सितंबर तक अधिक से अधिक टीकाकरण सुनिश्चित करने के लिए विशेष गतिविधियां संचालित की जाएंगी। प्रदेशवासियों को टीकाकरण के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से विशेष अभियान भी संचालित किए जाएंगे। सीएम ने कहा कि मध्य प्रदेश की जनता ने पहला और दूसरा डोज़ लगवाने में देश में रिकार्ड स्थापित किया था। इसी तरह अब बूस्टर डोज़ लगवाने के इस अभियान को भी सफल बनाने में नागरिक सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि बूस्टर डोज़ लगवाने के लिए लोगों को जागरूक करने में कोई कमी न रहे। ज्यादा से ज्यादा पात्र लोगों को बूस्टर डोज़ लगाया जाए। इस काम को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इस बात का ध्यान रखें कि कोई भी पात्र व्यक्ति बूस्टर डोज़ लगवाने से वंचित न रहे।

इसी के साथ सीएम शिवराज ने कहा कि अभियान में विभिन्न सामाजिक संगठनों, जन-प्रतिनिधियों, जन-अभियान परिषद और क्राइसिस मैनेजमेंट कमेटियों आदि को शामिल करते हुए जागरूकता बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। विभिन्न प्रचार माध्यमों के द्वारा अपील भी की गई है। बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय केबिनेट की बैठक में 18 साल के ऊपर के नागरिकों को अगले 75 दिन के लिए कोविड-19 से बचाव के लिए लगाए जाने वाले बूस्टर डोज़ को फ्री किया गया है। फ्री डोज की यह व्यवस्था 15 जुलाई से प्रभावशील हो गयी है। केंद्र सरकार द्वारा बूस्टर डोज की 9 माह की अवधि को 6 माह करने का महत्वपूर्ण निर्णय भी हाल ही में लिया गया है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews