MP समेत देशभर में गर्मी का कहर: उमंग सिंघार ने सरकार से की आपात तैयारी की मांग, प्रदेशवासियों से सतर्क रहने की अपील

देशभर में पड़ रही भीषण गर्मी अब आम जनजीवन के लिए गंभीर चुनौती बनती जा रही है। मध्यप्रदेश के कई जिलों सहित उत्तर और मध्य भारत में तापमान लगातार 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है। इस बीच नेता प्रतिपक्ष ने प्रदेश सरकार से स्वास्थ्य सेवाओं, पेयजल, छांव और राहत केंद्रों की बेहतर व्यवस्था करने की मांग की है।
Umang Singhar

Umang Singhar

उमंग सिंघार ने देशभर में पड़ रही भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचता तापमान और लगातार जारी हीट स्ट्रोक की चेतावनियां मध्यप्रदेश समेत पूरे देश के लिए गंभीर संकट बन चुकी हैं। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सबसे ज्यादा असर गरीबों, मजदूरों, किसानों, ट्रैफिक पुलिसकर्मियों, छोटे दुकानदारों और खुले में काम करने वाले लोगों पर पड़ रहा है।

भीषण गर्मी को देखते हुए नेता प्रतिपक्ष ने सरकार से इस ओर विशेष ध्यान देने और व्यवस्थाएं करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि कई इलाकों में अस्पतालों में पर्याप्त व्यवस्थाएं नहीं हैं और लोगों को पीने के पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए भी परेशान होना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत किया जाए, राहत केंद्र बनाए जाएं, सार्वजनिक स्थानों पर पीने के पानी और छांव की व्यवस्था की जाए तथा आपात तैयारियों पर गंभीरता से काम किया जाए।

देशभर में जारी है गर्मी का कहर

देशभर में मई के अंतिम सप्ताह में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। उत्तर भारत, मध्य भारत और पश्चिमी राज्यों में कई शहरों का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। मौसम विभाग लगातार लू और हीट स्ट्रोक को लेकर चेतावनी जारी कर रहा है। राजस्थान, दिल्ली, उत्तरप्रदेश, हरियाणा और मध्यप्रदेश के कई हिस्सों में दिन के समय सड़कों पर सन्नाटा जैसी स्थिति देखने को मिल रही है।

मध्यप्रदेश में भी गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। भोपाल, ग्वालियर, नौगांव, खजुराहो, छतरपुर, दमोह और बुंदेलखंड क्षेत्र के कई जिलों में तेज गर्म हवाओं ने जनजीवन को प्रभावित किया है। दोपहर के समय बाजारों में आवाजाही कम हो रही है और ग्रामीण क्षेत्रों में पानी का संकट भी गहराने लगा है। कई जिलों में प्रशासन ने स्कूलों के समय में बदलाव किया है और लोगों को दोपहर में घरों में रहने की सलाह दी जा रही है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार बढ़ती गर्मी बुजुर्गों, बच्चों और पहले से बीमार लोगों के लिए अधिक खतरनाक हो सकती है। डॉक्टर लोगों को अधिक पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और तेज धूप में लंबे समय तक रहने से बचने की सलाह दे रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक कई राज्यों में गर्मी और लू का असर जारी रह सकता है।

उमंग सिंघार ने की प्रदेश सरकार से पर्याप्त व्यवस्थाएं करने की मांग

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भीषण गर्मी को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि मध्यप्रदेश समेत पूरा देश भीषण गर्मी की मार झेल रहा है और इसे देखते हुए सरकार की तैयारियां अपर्याप्त है। उन्होंने कहा कि “सबसे अधिक परेशानी गरीबों, मजदूरों, किसानों, ट्रैफिक पुलिसकर्मियों, छोटे दुकानदारों और खुले में काम करने वाले लोगों को हो रही है। कई जगहों पर अस्पतालों में उचित सुविधाएं नहीं हैं और पीने के पानी की भी कमी है। सरकार को तुरंत आपातकालीन तैयारी करनी चाहिए। स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करना, पानी की व्यवस्था, छांव और राहत केंद्र बनाने जैसे कामों पर गंभीरता से ध्यान देना होगा। यह सिर्फ मौसम की समस्या नहीं है, बल्कि जनजीवन के लिए बड़ा संकट बन गया है।” इसी के साथ उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे सतर्क रहें, अनावश्यक रूप से धूप में न निकलें और अपने तथा अपने परिवार के स्वास्थ्य का ध्यान रखें।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews