MP में शूट हुई “होमबाउंड” फिल्म की ऑस्कर में एंट्री, सीएम डॉ़ मोहन यादव ने कहा “मध्यप्रदेश के लिए गौरव का क्षण”

नीरज घायवान की फिल्म होमबाउंड की शूटिंग भोपाल और उसके आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में हुई। फिल्म में ईशान खट्टर, विशाल जेठवा और जान्हवी कपूर मुख्य भूमिकाओं में हैं। ऑस्कर के लिए यह फिल्म 24 फिल्मों में से भारत की आधिकारिक प्रविष्टि के रूप में चुनी गई है।
CM Dr Mohan Yadav

CM Dr Mohan Yadav

नीरज घायवान की फिल्म ‘होमबाउंड’ को ऑस्कर 2026 के लिए बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म श्रेणी में भारत की आधिकारिक प्रविष्टि के रूप में चुना गया है। इसे लेकर मध्यप्रदेश के सीएम डॉ. मोहन यादव ने खुशी ज़ाहिर करते हुए कहा है कि यह हमारे लिए गौरव का क्षण है कि मध्यप्रदेश में शूट हुई फीचर फिल्म “होमबाउंड” को 98वें अकादमी अवॉर्ड्स  की बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म श्रेणी में नॉमिनेट किया गया है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में कई फिल्मों की शूटिंग हो रही है और हमने फिल्म पर्यटन नीति को बेहतर बनाया है।

फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया ने शुक्रवार को कोलकाता में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में घोषणा की। 24 फिल्मों की सूची में से चुनी गई इस फिल्म को कांस और टोरंटो फिल्म फेस्टिवल्स में मिली अंतर्राष्ट्रीय प्रशंसा के लिए सराहा गया। फिल्म ने पहले ही अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सवों में अपनी पहचान बना ली है। यह फिल्म 2025 के कांस फिल्म फेस्टिवल में ‘Un Certain Regard’ श्रेणी में प्रदर्शित हुई थी और वहां से स्टैंडिंग ओवेशन प्राप्त किया था। इसके बाद टोरंटो फिल्म फेस्टिवल में भी इसे ‘International People’s Choice Award’ श्रेणी में दूसरा रनर-अप घोषित किया गया था।

‘होमबाउंड’ फिल्म की ऑस्कर में एंट्री

‘होमबाउंड’ फिल्म उत्तर भारत के एक गांव में दो बचपन के दोस्तों की कहानी है जो कई सामाजिक मुद्दों को संवेदनशीलता के साथ पेश करती है। फिल्म की शूटिंग भोपाल और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में हुई। इसमें ईशान खट्टर और विशाल जेठवा मुख्य भूमिकाओं में हैं, जबकि जान्हवी कपूर एक महत्वपूर्ण किरदार निभा रही हैं। फिल्म का निर्देशन नीरज घायवान ने किया है, जिनकी पहली फिल्म ‘मसान’ को कांस में दो पुरस्कार मिले थे।

सीएम ने जताई खुशी 

‘होमबाउंड’ को ऑस्कर अवार्ड्स में ‘बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म’ श्रेणी के लिए भारत की आधिकारिक प्रविष्टि के रूप में चुनने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इसे राज्य के लिए गौरव का क्षण बताया है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश फिल्म पर्यटन नीति 2025 ने सिंगल विंडो सिस्टम, पारदर्शी प्रक्रिया और अनुमतियों को कम एवं सरल कर फिल्मांकन को आसान बनाया है। साथ ही आकर्षक वित्तीय प्रोत्साहन भी उपलब्ध कराए हैं। होमबाउंड का मध्यप्रदेश में फिल्माया जाना और उसका अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित होना इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश तेजी से एक प्रमुख ग्लोबल शूटिंग हब के रूप में स्थापित हो रहा है। सीएम ने कहा कि पिछले साल फिल्म “लापता लेडीज” को भी ऑस्कर के लिए नॉमिनेट किया गया था जिसकी शूटिंग भी मध्यप्रदेश में हुई थी। उन्होंने कहा कि यह सफलता हमारे प्रदेश की समृद्ध संस्कृति, प्राकृतिक सौंदर्य और कला के प्रति हमारे समर्पण को दर्शाती है।

https://twitter.com/CMMadhyaPradesh/status/1969086616238244208

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews