PM मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्‍व में आत्‍मनिर्भरता की ओर भारत-सुरेश पचौरी

राष्‍ट्र की सेवा के निष्काम कर्मयोगी की भांति सतत् सन्‍नद्ध नरेन्‍द्र मोदी भारत के विकास एवं आत्‍मनिर्भरता के मंत्र दृष्‍टा के रूप में जाने जाते हैं।
PM मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्‍व में आत्‍मनिर्भरता की ओर भारत-सुरेश पचौरी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्‍मदिवस 17 सितम्‍बर पर विशेष-पूरे विश्व में भारत की अस्मिता का परचम लहराने वाले यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का 17 सितम्‍बर को 75 वां जन्मदिवस है। गुजरात के मेहसाणा जिले के एक छोटे से गांव बड़नगर से शुरू हुई उनकी जीवन यात्रा अभावों, संघर्षों तथा तमाम उतार-चढ़ावों से भरी रही, लेकिन उन्होंने न तो कभी हार मानी, न पीछे मुड़कर देखा और न ही निराश हुए। एक सेवाव्रती के रूप में अनवरत आगे बढ़ते ही गये और अपनी लगन, निष्ठा, परिश्रम, त्याग, दृढ़ इच्छाशक्ति व राष्ट्र प्रेम के चलते आज वे भारतीय राजनीति के शलाका पुरुष बन चुके हैं। वे आज सिर्फ भारत के प्रधानमंत्री के रूप में ही नहीं जाने-पहजाने जाते, वरन आज वे विश्व के अग्रणी शीर्ष नेताओं में शुमार हो चुके हैं। वे ऐसे तपे-तपाए जननेता हैं, जिनमें कुंदन की कठोरता भी है और चंदन की शीतलता भी विद्यमान है। उनके चिंतन में राष्ट्र, राष्ट्रबोध एवं राष्ट्रहित सर्वोपरि है और इसी उदात्‍त भावना से ओतप्रोत होकर उन्होंने किशोरावस्‍था में अपना घर-द्वार छोड़कर जनसेवा की ओर कदम बढ़ाया।

मोदी जी ने भारत को आत्मनिर्भर बनाने कार्ययोजनाओं को अमलीजामा पहनाया

प्रधानमंत्री के रूप में विगत 11 वर्षों के दौरान मोदी जी ने भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए उन कार्ययोजनाओं को अमलीजामा पहनाया, जिनका भाजपा चुनाव घोषणा पत्र में वादा किया गया था। चाहे वह सामाजिक-आर्थिक बदलाव हों, चाहे प्राकृतिक संसाधनों, खनिजों, सांस्कृतिक धरोहरों आदि का संरक्षण हो या फिर देश के किसानों के कल्याण के लिए कृषि पर आधारित अर्थव्यवस्था हो, सब पर विशेष ध्यान दिया गया। महिला सशक्तिकरण की दिशा में मोदी सरकार द्वारा अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिससे करोड़ों महिलाओं को लाभ मिल रहा है। मोदी जी के मार्गदर्शन में युवाओं में नवाचार और आत्मनिर्भरता की भावना बढ़ाने के लिए स्टार्टअप इंडिया, स्टैंड अप इंडिया और डिजिटल स्किल इंडिया जैसी योजनाओं का सूत्रपात हुआ है। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, सुकन्या समृद्धि योजना और महिला स्व सहायता समूहों को सशक्त कर उन्होंने सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में परिणाममूलक कदम उठाए।

आम आदमी के जीवन में खुशहाली आई

पीएम नरेन्द्र मोदी के ग्यारह वर्षों के प्रधानमंत्री के कार्यकाल पर नजर दौड़ाएं तो बहुत स्पष्ट दिखता है कि इस दौरान देश ने प्रगति की दिशा में तेज रफ्तार पकड़ी, आम आदमी के जीवन में खुशहाली आई, समाज के कमजोर वर्गों के लोगों के जीवन में सुधार आया, देश की अर्थव्यवस्था बेहतर हुई, दुनिया में भारत के मान-सम्मान में वृद्धि हुई, पड़ोसी दुश्मन देश पाकिस्तान को ऑपरेशन सिन्दूर के दौरान मुंह की खानी पड़ी और सबसे बड़ी बात तो यह कि अमेरिका जैसा संप्रभुता संपन्न राष्ट्र मोदी जी के कसीदे पढ़ने लगा। श्री मोदी देश हित में इतने दृढ़ प्रतिज्ञ हैं कि दुनियॉ की कोई ताकत आज तक उन्हें सिद्धांतों से न तो डिगा सकी है और न ही झुका सकी है। उनका यह आत्मबल न सिर्फ करोड़ों भारतवासियों बल्कि विश्व के दीगर मुल्कों में रहने वाले भारतवासियों को संबल प्रदान करता है। ‘यह नया भारत है, दुश्‍मन को उसके घर में घुसकर मारता है, ऐसे सिंहनाद से देश का आम जनमानस खुद को सुरक्षित तो महसूस करता ही है, साथ ही नये भारत की उपलब्धियों पर उसे गर्व भी होता है।

नरेन्द्र मोदी चहुंमुखी राष्‍ट्रोत्‍थान के रथ के अनथक सारथी

निःसंदेह, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी चहुंमुखी राष्‍ट्रोत्‍थान के रथ के अनथक सारथी हैं। उनके नेतृत्व में भारत विश्व की तीसरी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के टैरिफ की काट के लिए मोदी जी द्वारा स्वदेशी अपनाने का जो आहवान किया गया, भारतवासियों का इस दिशा में झुकाव बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने सरकार की योजनाओं के केन्द्र बिन्दु में हमेशा ‘आम आदमी’ को रखा। इस सोच के साथ गरीब कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई। मसलन, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत देश के करोड़ों परिवारों को पक्के घर दिए गये। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत लाखों शौचालयों का खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में निर्माण कराया गया। उज्जवला योजना के माध्यम से गरीब महिलाओं को मुफ्त गैस कनेक्शन प्रदान कर उनके स्वास्थ्य और गरिमा की रक्षा की। बेहतर स्वास्थ्य सुविधा के मद्देनजर आयुष्मान भारत योजना शुरू की गई, जिससे 50 करोड़ से अधिक लोगों को स्वास्थ्य बीमा का सुरक्षा कवच मिला। जल जीवन मिशन से हर घर को नल से जल उपलब्ध कराने की दिशा में ऐतिहासिक कार्य किया जा रहा है। सड़कों, रेलवे, बंदरगाहों, हवाई अड्डों और डिजिटलीकरण में उल्लेखनीय प्रगति देखने को मिल रही है।

देश में रेल नेटवर्क का व्यापक विस्तार हुआ 

मोदी जी की दृष्टि में देश का अन्नदाता किसान सदैव प्राथमिकता में रहा है। उन्होंने किसानों की आर्थिक दशा सुधारने के लिए अनेक योजनाओं का प्रावधान किया। नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में देश में रेल नेटवर्क का व्यापक विस्तार हो रहा है। जम्मू-कश्मीर सहित पूर्वोत्तर राज्यों में अभूतपूर्व रेल क्रांति दिखाई दे रही है। ये राज्य पर्यटन के नक्शे में प्रमुखता से दर्ज होने लगे हैं, मिजोरम जैसे दुर्गम एवं पहाड़ी राज्य में बैराबी-सैरांग रेल परियोजना मिजोरम को पहली बार रेल नेटवर्क से जोड़ने वाली ऐतिहासिक उपलब्धि है।

राष्ट्रीय सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है

मोदी सरकार के कार्यकाल में राष्ट्रीय सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। रक्षा विनिर्माण के क्षेत्र में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। ऑपरेशन सिन्दूर के बाद तो भारत रक्षा मामलों में विश्व का सिरमौर बन गया है। भारत आज रूस, अमेरिका, फ्रांस सहित 100 से अधिक देशों को सैन्य हथियार और रक्षा उपकरण निर्यात कर रहा है। रक्षा मंत्रालय की तरफ से वित्तीय वर्ष 2023-2024 के द्वारा जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार साल 2004 से 2014 तक जो एक्सपोर्ट मात्र 4,312 करोड़ का हुआ करता था, वह 2014-2024 में बढ़कर 88,319 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। रक्षा उत्‍पादन में 175 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जो आत्मनिर्भर भारत की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।

भारत को गौरवशाली भारत बनाने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी

प्रधानमंत्री मोदी ने विगत 11 वर्षों के दौरान भारत को गौरवशाली भारत बनाने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी। उन्‍होंने 12 बार लाल किले पर तिरंगा फहराया, जो एक मजबूत, स्थिर और दूरदर्शी नेतृत्‍व का प्रतीक है। उनकी सरकार 25 करोड़ भारतीयों को गरीबी रेखा से बाहर लाई। यह ‘नये भारत’ की वास्‍तविक तस्‍वीर है। दुनिया के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश के कर्णधार नरेन्द्र मोदी सर्वाधिक अवधि तक प्रधानमंत्री पद को सुशोभित करने वाले दूसरे प्रधानमंत्री हैं। उन्‍हें सर्वाधिक कार्यकाल तक गैर कांग्रेसी प्रधानमंत्री होने का सौभाग्‍य प्राप्‍त है। उनकी राजनैतिक यात्रा पर विहंगम दृष्टि डालें तो वे एक अविश्रांत, अविचल, ध्‍येयनिष्‍ठ व कर्मयोगी पथिक के रूप में नजर आते हैं, जिनका लक्ष्‍य है समाज की अंतिम पंक्ति में बैठे व्‍यक्ति के आंसू पोंछना और मोदी जी ‘कर्मण्‍येवाधिकारस्‍ते मा फलेषु कदाचन्’ की भावना के साथ अपने ध्‍येय के प्रति समर्पित हैं।

संपूर्ण विश्‍व में मोदी जी की ख्‍याति की गूंज

आज संपूर्ण विश्‍व में मोदी जी की ख्‍याति गूंज रही है। वे जिस भी देश के दौरे पर जाते हैं, उस देश के सर्वोच्‍च सम्‍मान से नवाजे जाते हैं। वैश्विक प्रभावी नेता की छव‍ि बना चुके श्री नरेन्‍द्र मोदी की लोकप्रियता तथा प्रभुत्‍व का यह आलम है कि दुनिया के 27 देश उन्‍हें अपने देश के प्रतिष्‍ठापूर्ण शिखर सम्‍मान से सम्‍मानित कर चुके हैं। उनके पास जनविश्वास की सबसे बड़ी पूंजी है और यही वजह है कि भारत की जनता ने उनके ऊपर भरोसा जताते हुए तीसरी बार उन्‍हें प्रधानमंत्री के रूप में सत्ता के सबसे उच्च आसन पर आरूढ़ किया। राष्‍ट्र के नव निर्माण और राष्‍ट्र रक्षा के हर मोर्चे में क्रांतिकारी परिवर्तन के अग्रदूत भारत के यशस्‍वी सपूत माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी जी को उनके 75वें जन्‍मदिवस के शुभ प्रसंग पर कोटिश: बधाई, अनंत आत्‍मीय मंगलकामनाएं एवं हार्दिक अभिनंदन।
(लेखक भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता तथा पूर्व केन्द्रीय मंत्री हैं)
Sushma Bhardwaj
लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews