
इंदौर के सरकारी एमवाय अस्पताल में चूहों के काटने से दो नवजात शिशुओं की मौत की घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया है। राहुल गांधी ने इस घटना पर कहा है कि ‘यह कोई दुर्घटना नहीं, यह सीधी-सीधी हत्या है।’ उन्होंने कहा कि यह घटना इतनी भयावह, अमानवीय और असंवेदनशील है कि इसे सुनकर भी रूह कांप जाए। एक मां की गोद से उसका बच्चा छिन गया, सिर्फ इसलिए क्योंकि सरकार ने अपनी सबसे बुनियादी जिम्मेदारी नहीं निभाई। उन्होंने कहा कि ‘PM मोदी और MP के मुख्यमंत्री को शर्म से सिर झुका लेना चाहिए।’
वहीं, मध्यप्रदेश के कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग ने राहुल गांधी के आरोपों पर कहा है कि इस मामले पर कार्रवाई की जा रही है। एएनआई से बात करते हुए उन्होंने कहा कि घटना दुर्भाग्यपूर्ण है लेकिन इस तरह की बातों पर राजनीति नहीं जी जानी चाहिए।
राहुल गांधी ने बीजेपी सरकार से किए सवाल
लोग अस्पताल में इलाज के लिए जाते हैं। इस उम्मीद में जाते हैं कि उनकी बीमारी ठीक होगी और जान बचेगी। लेकिन अस्पताल ही जब मौत का कारण बन जाए तो आम आदमी भला किससे उम्मीद करेगा। इंदौर में दो नवजात शिशुओं की चूहों के कुतरने से मौत की घटना इतनी भयावह है कि किसी की भी रुह कांप जाए। इसपर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भी इन्हीं शब्दों का इस्तेमाल किया है। इसी के साथ उन्होंने आरोप लगाया कि ‘हेल्थ सेक्टर को जानबूझकर प्राइवेट हाथों में सौंपा गया जहां इलाज अब सिर्फ अमीरों के लिए रह गया है, और गरीबों के लिए सरकारी अस्पताल अब जीवनदायी नहीं, मौत के अड्डे बन चुके हैं। प्रशासन हर बार की तरह कहता है जांच होगी, लेकिन सवाल यह है जब आप नवजात बच्चों की सुरक्षा तक नहीं कर सकते, तो सरकार चलाने का क्या हक है?’
राहुल गांधी ने दो टूक कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री को शर्म से सिर झुका लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि आपकी सरकार ने देश के करोड़ों गरीबों से स्वास्थ्य का अधिकार छीन लिया है और अब मां की गोद से बच्चे तक छिनने लगा है। कांग्रेस नेता ने कहा कि हम चुप नहीं रहेंगे। ये लड़ाई हर गरीब, हर परिवार, हर बच्चे के हक की है।
विश्वास सारंग ने दी सफाई
राहुल गांधी के इन सवालों और आरोपों पर मध्यप्रदेश के मंत्री विश्वास सारंग ‘राजनीति न करने’ की सलाह दे रहे हैं। जनसरोकार पर विपक्ष के सवालों को ‘राजनीति’ ठहराते हुए सारंग ने कहा कि ‘उस मामले में कार्रवाई हो रही है। इस तरह की घटनाओं पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। घटना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है और जांच के बाद जो दोषी पाया जाएगा उसपर कार्रवाई होगी। लेकिन इस तरह से हम हर मुद्दे पर राजनीति करें ये उचित नहीं है।’
इंदौर में मध्य प्रदेश के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल में दो नवजात शिशुओं की चूहों के काटने से मौत – यह कोई दुर्घटना नहीं, यह सीधी-सीधी हत्या है। यह घटना इतनी भयावह, अमानवीय और असंवेदनशील है कि इसे सुनकर भी रूह कांप जाए।
एक मां की गोद से उसका बच्चा छिन गया, सिर्फ इसलिए क्योंकि सरकार… pic.twitter.com/4u1IBzobay
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) September 4, 2025
#WATCH | भोपाल: मध्य प्रदेश मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कांग्रेस सांसद और लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के ट्वीट पर कहा, "उस पूरे मामले में जो भी कार्रवाई हो रही है वह की जा रही है। मेरा मानना है कि इस तरह की घटनाओं पर राजनीति नहीं होनी चाहिए… हम हर मुद्दे पर राजनीति… pic.twitter.com/Yhhkf5bZvx
— ANI_HindiNews (@AHindinews) September 5, 2025
पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

