
EOW Corruption Allegations KK Mishra
इंदौर के एमवाय अस्पताल में चूहों के कुतरने से दो नवजात शिशुओं की मौत के मामले में मध्यप्रदेश हाईकोर्ट की इंदौर खंडपीठ ने बुधवार को स्वत: संज्ञान लिया है। न्यायमूर्ति विवेक रूसिया और न्यायमूर्ति जेके पिल्लई की युगलपीठ ने इस गंभीर मामले में याचिका दायर कर राज्य सरकार से जवाब तलब किया है। कोर्ट ने सरकार को निर्देश दिया है कि वह 15 सितंबर तक या इससे पहले स्टेटस रिपोर्ट पेश करें।
इसके बाद अब कांग्रेस नेता केके मिश्रा ने इस घटना पर सरकार और अस्पताल प्रशासन पर फिर निशाना साधा है। उन्होंने इसे ‘यम’ अस्पताल की संज्ञा देते हुए कहा कि यह घटना सरकार और भ्रष्ट तंत्र की असंवेदनशीलता को दर्शाती है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर वे कौन लोग हैं जिन्होंने एजाइल सिक्योरिटी के साथ अनुबंध किया और पेस्ट कंट्रोल के कार्यों की अनदेखी की।
हाईकोर्ट ने सरकार से मांगी रिपोर्ट
इंदौर के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल एमवायएच की एनआईसीयू में दो नवजात शिशुओं को चूहों ने कुतर दिया, जिसके बाद दोनों की मृत्यु हो गई। इस घटना को लेकर देशभर में लोगों का रोष देखने को मिला और राहुल गांधी सहित कई नेताओं ने इसे लेकर बीजेपी को निशाने पर भी लिया। अब एक दिन पहले मध्यप्रदेश हाईकोर्ट की इंदौर खंडपीठ ने इसपर स्वत: संज्ञान लेते हुए प्रदेश सरकार को पंद्रह सितंबर कर रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं। कोर्ट ने यह भी निर्देश दिया कि सरकार स्टेटस रिपोर्ट में यह स्पष्ट करे कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं।
केके मिश्रा ने प्रदेश सरकार को घेरा
इस मामले पर कांग्रेस नेता केके मिश्रा ने सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि इंदौर के ‘यम’ अस्पताल में चूहों के कुतरने से हुई दो मासूमों की दुःखद मौत के बाद असंवेदनशीलता और प्रशासनिक उदासीनता साफ़ नजर आ रही है। उन्होंने कहा कि उच्च न्यायालय ने स्वतः संज्ञान लेकर जो कदम उठाया है, वह अपरिहार्य था। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि जिम्मेदार अधिकारियों ने अपना कुरुप चेहरा बचाने के लिए ताबड़तोड़ कार्रवाई की, किसी को हटाया, किसी को निलंबित किया और किसी को लंबी छुट्टी पर भेजा। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि आखिर कौन और किस प्रकार “एजाइल सिक्योरिटी” और अन्य पेस्ट नियंत्रण व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहा था और बच्चों की मौत के कारणों को क्यों छुपाया गया। उन्होंने तंज करते हुए कहा कि ‘सरकार जी, प्रहार मगरमच्छों पर कीजिए जो प्रदेश, असहायों और गरीबों को कुतर नहीं, लहुलुहान कर रहे हैं’।
*इंदौर के “यम” अस्पताल में चूहों के कुतरने से हुई दो मासूमों की दुःखद मौत के बाद अकर्मण्यों,वास्तविक जवाबदारों और भ्रष्टतंत्र के व्यवस्थापकों की इस बाबत निरंतर बरती जा रही असंवेदनाओं /खामोशी/लीपापोती के बाद मान. उच्च न्यायालय की इंदौर खंडपीठ ने लिया स्वतः संज्ञान*…..❗️
♦️“*अपना…
— KK Mishra (@KKMishraINC) September 11, 2025
पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

