जीतू पटवारी बोले ग्रुपिज्म के कैंसर खत्म नहीं करेंगे तो हम खत्म हो जायेंगे, आशीष अग्रवाल ने कसा तंज

आशीष अग्रवाल ने X पर लिखा- कौन नहीं जानता कि जबसे जीतू पटवारी ने कांग्रेस संभाली है मध्य प्रदेश कांग्रेस में गुटबाजी चरम पर है। गुटबाजी तो आपके चरित्र में ही कूट-कूट कर भरी है।
Jitu Patwari

MP Congress : मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने गुटबाजी को लेकर बड़ा बयान दिया है, उन्होंने धार के धरमपुरी में पार्टी कार्यकर्ताओं को गुटबाजी को लेकर नसीहत दी, जीतू पटवारी ने कहा यदि हम ग्रुपिज्म का कैंसर खत्म नहीं करेंगे तो हम खत्म हो जायेंगे. जीतू पटवारी के इस बयान पर भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने तंज कसा है, उन्होंने कहा, सही कहा जीतू पटवारी जी खत्म हो नहीं जाएंगे, खत्म हो गए हैं।

मध्य प्रदेश कांग्रेस 27 जनवरी को बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की जन्मस्थली महू में जय बापू, जय भीम, जय संविधान यात्रा निकालने जा रही है, प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी इस यात्रा को सफल बनाने के लिए प्रदेश में घूम रहे हैं और पार्टी कार्यकर्ताओं को अधिक से अधिक संख्या में पहुँचने की अपील कर रहे हैं, इसी दौरान जीतू पटवारी प्रदेश के अलग अलग जिलों में गाँव गाँव जाकर मीटिंग ले रहे हैं।

ग्रुपिज्म कैंसर, इसे खत्म नहीं करेंगे तो हम खत्म हो जायेंगे : जीतू पटवारी 

जीतू पटवारी रविवार को धार जिले में दौरे पर थे, उन्होंने धरमपुरी में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यदि हम ग्रुपिज्म का कैंसर खत्म नहीं करेंगे तो हम खत्म हो जायेंगे, उन्होंने कहा, मेरा मानना है जो ग्रुपिज्म की बात करता है वो पार्टी का बाप बनना चाहता है,  मैं प्रति का बेटा हूँ, मुझे कुछ नहीं बनना सिर्फ पार्टी की सरकार बनानी है।

कान फूंकने वालों से दूर रहें तो आधी बीमारी दूर हो जाएगी 

पार्टी नेताओं पर बिना नाम लिए हमला करते हुए जीतू पटवारी ने कहा कि यदि पार्टी के जिम्मेदार पदों पर बैठे लोग  कान फूंकने वाले नेताओं से दूर हो जाएँ तो आधी बीमारी अपने आप दूर हो जाएगी। जीतू पटवारी के इस बयान पर भाजपा ने पलटवार किया है, भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने इसपर तंज कसा है।

आशीष अग्रवाल का हमला, जबसे जीतू पटवारी ने कांग्रेस संभाली है गुटबाजी चरम पर

आशीष अग्रवाल ने X पर लिखा- सही कहा जीतू पटवारी जी खत्म हो नहीं जाएंगे, खत्म हो गए हैं। कौन नहीं जानता कि जबसे जीतू पटवारी ने कांग्रेस संभाली है मध्य प्रदेश कांग्रेस में गुटबाजी चरम पर है। गुटबाजी तो आपके चरित्र में ही कूट-कूट कर भरी है।

BJP बोली, कार्यकर्ता जब पार्टी छोड़ कर जा रहे थे तब गुटबाजी के चलते उन्हें नहीं रोका

आशीष अग्रवाल ने आगे लिखा-  लाखों कार्यकर्ता जब आपकी पार्टी छोड़ कर जा रहे थे तब आपने गुटबाजी के चलते उन्हें नहीं रोका, जब आपने टिकट बांटे तब भी अपने गुट को लोगों को सर्वेसर्वा रखा, कांग्रेस कार्यकारिणी बैठक में गुटबाजी की गेंद किस तरह आपने अपने खेमे में रखी ये भी सबने देखा।

अध्यक्षी खोने के डर से गुटबाजी खत्म करने की याद आ रही है

पोस्ट के अंत में भाजपा नेता ने लिखा-  ऐसे असंख्य उदाहरण है जिसमें मध्य प्रदेश कांग्रेस आपके द्वारा की गई अन्यायपूर्ण और अनैतिक गुटबाजी से पीड़ित रही और अब आपकी यही गुटबाजी कैंसर का विकराल रूप धरकर जब आपको डरा रही है तब आपको अध्यक्षी खोने के डर से इसे खत्म करने की याद आ रही है।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews