जीतू पटवारी ने सौरभ शर्मा मामले में भूपेंद्र सिंह के हस्ताक्षर वाला पत्र शेयर किया, पूछा ‘कब ले रहे हैं राजनीति से संन्यास’

दरअसल एक दिन पहले हेमंत कटारे और भूपेंद्र सिंह के बीच आरोप-प्रत्यारोप के दौरान पूर्व मंत्री ने कहा था कि अगर कोई ये साबित कर दे कि सौरभ शर्मा की नियुक्ति के लिए उन्होंने कोई सिफारिश या अनुशंसा की थी, तो वे राजनीति छोड़ देंगे। इसके बाद अब कांग्रेस अध्यक्ष ने एक नोटशीट का पेज शेयर करते हुए उनपर निशाना साधा है।
jitu Patwari

Jitu Patwari

Jitu Patwari attacks Bhupendra Singh : कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने पूर्व मंत्री भूपेंद्र सिंह का एक वीडियो शेयर करते हुए पूछा है कि “सौरभ-समर्थक” कब संन्यास ले रहे हैं ? दरअसल, एक दिन पहले हेमंत कटारे और भूपेंद्र सिंह के बीच आरोप-प्रत्यारोप के दौरान पूर्व मंत्री ने कहा था कि ‘अगर कोई ऐसा कोई पत्र या नोटशीट बता दें जिसमें मैंने कोई अनुशंसा की हो तो मैं राजनीति से संन्यास ले लूंगा’।

इसके जवाब में अब जीतू पटवारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक नोटशीट का पेज शेयर किया है जिसमें भूपेंद्र सिंह के हस्ताक्षर से सौरभ शर्मा को अनुकंपा नियुक्ति देने की बात लिखी हुई है। इस पत्र को साझा करते हुए कांग्रेस ने भूपेंद्र सिंह से सवाल किया है कि वो राजनीति छोड़ने की अपनी बात पर कब अमल करेंगे।

क्या है मामला

दरअसल, गुरुवार को मध्य प्रदेश में उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी और इसमें उन्होंने पूर्व मंत्री भूपेंद्र सिंह पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि आरटीओ के पूर्व आरक्षक सौरभ शर्मा की नियुक्ति भूपेंद्र सिंह की सिफारिश पर हुई थी और उनके परिवहन मंत्री रहते हुए ही सौरभ शर्मा ने तरक्की की थी।

इन आरोपों के जवाब में भूपेंद्र सिंह ने कहा था कि हेमंत कटारे ‘मैनेज’ होकर पत्रकार वार्ता करते हैं। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में सौरभ शर्मा कभी उनके विधानसभा क्षेत्र के चेकपोस्ट पर तैनात नहीं थे। इसी के साथ पूर्व मंत्री ने चुनौती दी थी कि यदि कांग्रेस इस बात का कोई प्रमाण पेश कर पाती है कि उन्होंने सौरभ शर्मा की नियुक्ति को लेकर कोई सिफारिश की है तो वे राजनीति से संन्यास ले लेंगे। साथ ही, उन्होंने मानहानि का केस दायर करने की भी बात कही थी।

जीतू पटवारी ने पत्र शेयर करते हुए भूपेंद्र सिंह पर साधा निशाना

अब कांग्रेस ने इस बात के जवाब में एक पत्र जारी किया है। जीतू पटवारी ने सोशल मीडिया पर इस पत्र के साथ भूपेंद्र सिंह का वीडियो भी शेयर किया है। इसमें वो कहते नज़र आ रहे हैं कि ‘सौरभ शर्मा की नियुक्ति से मेरा दूर दूर तक कोई संबंध नहीं था। कोई एक काग़ज़, पत्र या नोटशीट बता दें जिसमें मैंने सौरभ शर्मा की अनुशंसा की हो।’

इस पत्र और वीडियो को शेयर करते हुए जीतू पटवारी ने लिखा है कि ‘पूर्व परिवहन मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कहा था कि “अगर मैंने सौरभ शर्मा की नियुक्ति से संबंधित नोटशीट लिखी हो, तो राजनीति से संन्यास ले लूंगा!” नोटशीट पब्लिक डोमेन में है, तो पूछा जाना चाहिए कि “सौरभ-समर्थक” कब संन्यास ले रहे हैं? वैसे यह परिवहन विभाग में हुई 2000 करोड़ से ज्यादा की कलंक-कथा का “अर्ध-सत्य” है! जब तक सौरभ का आर्थिक-दोहन करने वाली सफेदपोश ‘शख्सियतों’ का चेहरा खरोंचा नहीं जाएगा, ‘संगठित अपराध’ व ‘सामूहिक डकैती’ का पूरा हिसाब सामने नहीं आ पाएगा!’ इस तरह एक बार फिर सौरभ शर्मा मामले को लेकर कांग्रेस ने पूर्व मंत्री भूपेंद्र सिंह पर सवाल उठाए हैं।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews