कमलनाथ ने कहा ‘कांग्रेस सरकार बनते ही स्वास्थ्य का अधिकार कानून बनाएंगे’, बीजेपी पर आरोप

Kamal Nath

कमलनाथ ने आरोप लगाया है कि बीजेपी शासनकाल में मध्य प्रदेश स्वास्थ्य सेवाओं में देश के सबसे पिछड़े राज्यों में शुमार हो गया है। उन्होने ट्वीट करते हुए कहा कि जान कितन जरुरतमंद सही उपचार से वंचित है और व्यापम व नर्सिंग घोटालों के कारण देशभर में प्रदेश की छवि धूमिल हुई है। उन्होने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनते ही स्वास्थ्य का अधिकार कानून बनाया जाएगा।

स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर बीजेपी पर हमला

कमलनाथ ने लिखा है कि ‘शिवराज जी ने अपने 18 साल के कार्यकाल में मध्य प्रदेश को स्वास्थ्य सेवाओं के मामले में देश के सबसे पिछड़े राज्यों में शामिल कर दिया है। यहां बीमार और गर्भवती महिलाओं को एंबुलेंस नहीं मिलती, आयुष्मान कार्ड धारकों को इलाज नहीं मिलता, मृतकों का उपचार दिखाकर घोटाला किया जाता है और व्यापम तथा नर्सिंग कॉलेज जैसे घोटालों से प्रदेश की छवि खराब की जाती है। कांग्रेस पार्टी ने इन हालात को बदलने का संकल्प लिया है। प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनते ही हम स्वास्थ्य का अधिकार कानून बनायेंगे। प्रदेश के नागरिकों के लिए वरदान स्वास्थ्य बीमा योजना प्रारंभ करेंगे, जिसमें परिवार सहित 25 लाख तक का स्वास्थ्य बीमा एवं 10 लाख का दुर्घटना बीमा शामिल रहेगा। स्वस्थ मध्यप्रदेश, खुशहाल मध्यप्रदेश।’

कमलनाथ ने किया खुशहाली का वादा

जैसे जैसे विधानसभा चुनाव नजदीक आते जा रहे हैं, नेताओं की बयानबाजी बढ़ती जा रही है। कमलनाथ लगातार शिवराज सरकार पर सवाल उठा रहे हैं। बेरोजगारी, महंगाई, अन्याय, अत्याचार, भ्रष्टाचार और घोटालों के आरोप लगाते हुए वो कह रहे हैं कि बीजेपी ने मध्य प्रदेश को चौपट प्रदेश बना दिया है। अब उन्होने स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर बीजेपी सरकार पर आरोप जड़े हैं और कहा है कि जनता बेहाल है। उन्होने कहा कि अब जनता भी बीजेपी की असलियत समझ चुकी है और इस बार वो उसे अपने वोट के जरिए जवाब देगी। इस बार कांग्रेस ने चुनाव में ‘खुशहाली’ का नारा दिया है और कहा है कि वो हर व्यक्ति और वर्ग तक जनहित और कल्याणकारी योजनाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews