
खरगोन जिले के कसरावद तहसील अंतर्गत निमरानी औद्योगिक क्षेत्र में सब्सिडी वाली यूरिया खाद के अवैध भंडारण और कालाबाजारी का मामला सामने आया है। इस मामले में उमंग सिंघार ने सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि सत्ता किसानों की थाली पर नहीं, माफ़ियाओं की तिजोरी पर पहरा दे रही है। इसी के साथ उन्होंने प्रदेश सरकार से खाद की कालाबाजारी पर रोक लगाने की मांग की है।
बता दें कि खरगोन जिला प्रशासन और कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को छापेमारी कर महाकाल ट्रेडर्स नाम की कंपनी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। जांच में पता चला कि कंपनी सब्सिडी वाली नीम कोटेड यूरिया को पीसकर पाउडर रूप में बदलकर गुजरात के गांधीधाम क्षेत्र में भेज रही थी, जहां औद्योगिक उपयोग के लिए बेचा जा रहा था।
खरगोन में यूरिया खाद के अवैध भंडारण और कालाबाजारी का मामला
जानकारी के अनुसार निमरानी इंडस्ट्रियल एरिया में महाकाल ट्रेडर्स में कई महीनों से यह अवैध गतिविधि चल रही थी। स्थानीय किसानों की शिकायत पर जिला प्रशासन ने औचक निरीक्षण किया, जिसमें यूरिया के अवैध भंडारण, परिवहन और दुरुपयोग का खुलासा हुआ। टीम ने मौके से यूरिया के बैग, पीसने वाली मशीनें और पाउडर के सैंपल जब्त किए। गोदाम में बड़ी मात्रा में पीली पैकेजिंग वाली यूरिया की बोरियां पाई गईबिखरी हुई थीं, साथ ही पाउडर बनाने की प्रक्रिया और ट्रकों में लोडिंग चल रही थी। फिलहाल पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
उमंग सिंघार ने सरकार से की कालाबाजारी रोकने की मांग
इसे लेकर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने एक बार फिर बीजेपी सरकार पर किसान विरोधी होने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि “NFL की खाद को पीसकर पाउडर बनाकर दूसरे कट्टों में भरकर गुजरात के गांधीधाम में काले मुनाफ़े के धंधे के लिए भेजा जा रहा था वो भी महीनों से भाजपा सरकार की आँखों पर बंधी ‘माफिया–ममता’ के कारण सुरक्षित अवैध भंडारण के साथ। उधर प्रदेश में किसान खाद के लिए अपमान और लाठियाँ झेल रहे हैं, गुना में आदिवासी महिला खाद की लाइन में भूख, प्यास और ठंड से दम तोड़ देती है और इधर ‘डबल इंजन की भाजपा सरकार’ माफ़िया का डबल फायदा सुनिश्चित कर रही है। सत्ता किसानों की थाली पर नहीं, माफ़ियाओं की तिजोरी पर पहरा दे रही है। यह सिर्फ़ मिलावट नहीं अन्नदाता के अधिकारों पर क्रूर डाका, भाजपा की कृषि–विरोधी नीतियों का काला चेहरा और मध्यप्रदेश के किसानों के साथ सबसे बड़ा विश्वासघात है।” इसी के साथ कांग्रेस नेता ने मांग की है कि सरकार तुरंत खाद की कालाबाज़ारी पर रोक लगाए, ताकि प्रदेश के किसानों को पर्याप्त खाद उपलब्ध हो सके।
खरगोन की कसरावद तहसील के निमरानी औद्योगिक क्षेत्र में बड़ी मात्रा में मिलावटी यूरिया का संगठित रैकेट पकड़ा गया!
NFL की खाद को पीसकर पाउडर बनाकर दूसरे कट्टों में भरकर गुजरात के गांधीधाम में काले मुनाफ़े के धंधे के लिए भेजा जा रहा था वो भी महीनों से भाजपा सरकार की आँखों पर बंधी… pic.twitter.com/qtXeIGOLxr
— Umang Singhar (@UmangSinghar) November 29, 2025
पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

