
Leopard spotted in village Podi of Umaria district
उमरिया जिले के नौरोजाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम पोड़ी में गुरुवार शाम उस समय हड़कंप मच गया जब गांव के पास संचालित क्रेशर के नजदीक तेंदुआ दिखाई देने की खबर फैल गई। ग्रामीणों के अनुसार कुछ लोगों ने सड़क के किनारे तेंदुए को देखा, जिसके बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
दिखा सड़क के पास
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि तेंदुआ कुछ देर के लिए सड़क के पास दिखाई दिया। आसपास मौजूद लोगों ने जैसे ही उसे देखा, शोर मचाया और दूर से ही उसे देखने लगे। लोगों की हलचल बढ़ती देख तेंदुआ कुछ ही देर में जंगल की ओर चला गया। हालांकि वह ज्यादा देर तक वहां नहीं रुका, लेकिन उसकी मौजूदगी ने गांव के लोगों को डरा दिया।
घर से बाहर न निकलने का अलर्ट
तेंदुआ दिखने की खबर कुछ ही समय में पूरे पोड़ी गांव में फैल गई। खबर सुनते ही कई ग्रामीण मौके की ओर पहुंच गए और आसपास के क्षेत्र में हलचल बढ़ गई। बच्चों और महिलाओं में खासा डर देखने को मिला। एहतियात के तौर पर ग्रामीणों ने बच्चों को घर से बाहर न निकलने की सलाह दी और मवेशियों को भी सुरक्षित स्थानों पर बांध दिया।
वन विभाग से इलाके में गश्त बढ़ाने और निगरानी रखने की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि क्रेशर के आसपास घना जंगल है, जिसके कारण जंगली जानवर अक्सर इस इलाके में आ जाते हैं। हालांकि तेंदुए का सड़क के इतने पास दिखाई देना लोगों के लिए चिंता का विषय बन गया है। ग्रामीणों ने वन विभाग से इलाके में गश्त बढ़ाने और निगरानी रखने की मांग की है।
सतर्कता और सावधानी
वहीं इस संबंध में वन परीक्षित अधिकारी पीयूष त्रिपाठी ने बताया कि इस क्षेत्र में पहले भी तेंदुए के मूवमेंट की जानकारी मिलती रही है। हालांकि गुरुवार को तेंदुआ दिखने की सूचना विभाग को आधिकारिक रूप से प्राप्त नहीं हुई है। फिलहाल तेंदुए के दिखाई देने की खबर से पोड़ी गांव और आसपास के क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ गई है और ग्रामीण सावधानी बरत रहे हैं।
