Lok Sabha Election 2024 : जीतू पटवारी का कांग्रेसियों के नाम संदेश, मतगणना के दौरान सतर्क रहने को कहा

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने कहा है कि सभी प्रतिनिधि मतगणना के दौरान अत्यधिक सतर्कता से अपनी जिम्मेदारी का निर्वाह करें। उन्होंने कहा कि अगर किसी भी स्थान पर कोई नियम विरूद्ध कार्रवाई होते दिखे तो तुरंत अधिकारियों को इसकी शिकायत करें। ध्यान रखे कि प्रशासनिक तंत्र के इस निष्पक्ष कार्य में कोई भी राजनीतिक दल या उनका का नुमाइंदा बाधा नहीं बने।
Lok Sabha Election 2024 : जीतू पटवारी का कांग्रेसियों के नाम संदेश, मतगणना के दौरान सतर्क रहने को कहा

Lok Sabha Election 2024 : लोकसभा चुनाव के परिणाम के लिए बस एक दिन का समय बाक़ी है। मंगलवार को साफ़ हो जाएगा कि इस बार जनता ने अपने लिए कौन सी सरकार चुनी है। मतगणना से पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कांग्रेसियों के नाम संदेश जारी किया है। इसमें कहा गया है कि वो काउंटिंग के दौरान सजग सतर्क रहें और अपनी भूमिका का सही तरह से निर्वाह करें।

‘पूरी सतर्कता और पारदर्शिता के साथ निगरानी करें’

जीतू पटवारी ने एक्स पर लिखा है कि ‘सम्मानीय मप्र कांग्रेस परिवार..हम सभी ने पूरी निष्ठा समर्पण और परिश्रम से लोकसभा चुनाव में निर्णायक संघर्ष किया है। इसी का परिणाम है कि कांग्रेस/इंडिया परिवार निर्णायक बढ़त की ओर कदम बढ़ा चुका है। अब प्रजातांत्रिक प्रक्रिया के महत्वपूर्ण चरण मतगणना के दौरान भी अत्यधिक सतर्कता से जिम्मेदारी का निर्वाह करना है ताकि अपेक्षित सफलता सुनिश्चित की जा सके। मतगणना की प्रक्रिया अत्यंत संवेदनशील और संरचित होती है। इसका प्रत्येक चरण विधिवत और सही तरीके से पूरा किया जाए, यह भी हम सभी के लिए बहुत आवश्यक है। मतगणना शुरू होने से पहले, सुनिश्चित करें कि आप मतगणना केंद्र में समय पर पहुंचें और अपने पहचान पत्र और नियुक्ति पत्र के साथ तैयार रहें। साथ ही वहां की तैयारी को भी बारीकी से समझ लें। मतगणना के दौरान प्रत्येक प्रतिनिधि का कर्तव्य है कि वह पूरी सतर्कता और पारदर्शिता के साथ निगरानी करें।’

‘कुछ भी नियम विरूद्ध होने पर अधिकारियों से करें शिकायत’

उन्होंने कहा कि ‘किसी भी अनियमितता या संदेहास्पद गतिविधि को तुरंत नोटिस करे। यदि कुछ भी नियम विरुद्ध दिखाई दे, इसकी सूचना संबंधित अधिकारी को दें। सुनिश्चित करें कि प्रत्येक टेबल पर गिनती के दौरान सही प्रक्रिया का पालन हो। मतगणना अधिकारियों का उद्देश्य निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित करना है। हमें भी उनकी इस लोकतांत्रिक जिम्मेदारी में उनकी सहायता करनी है। यह भी ध्यान रखना है कि प्रशासनिक तंत्र के इस निष्पक्ष कार्य में कोई भी राजनीतिक दल या उनका का नुमाइंदा बाधा नहीं बने। जब मतगणना समाप्त हो जाए, तब भी आपको अपने कर्तव्यों को पूर्ण सतर्कता के साथ निभाना है. क्योंकि, इस पड़ाव पर हमारे पूर्व के के अनुभव अच्छे नहीं रहे हैं। परिणामों की घोषणा के बाद, प्रत्येक परिणाम पत्रक (रिटर्निंग शीट) पर हस्ताक्षर करने से पहले उसकी अच्छी तरह से जांच कर लें। यह सुनिश्चित करें कि सभी गणनाएं सही तरीके से हुई हैं और कोई त्रुटि नहीं है। आपकी भूमिका हमारे लोकतंत्र के इस महत्वपूर्ण चरण में अतुलनीय है. सभी की साझा मेहनत, समर्पण, सतर्कता से ही हम निष्पक्ष व पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया को पूरा कर पाएंगे।’

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews